अमेरिका करेगा चाबहार पोर्ट से जुड़ी छूट को खत्म, भारत पर कितना पड़ेगा असर

ट्रंप प्रशासन ने 2018 में दी गई प्रतिबंधों से छूट को खत्म करने का एलान किया है, जो 29 सितंबर से लागू होगी। ऐसे में इसका सीधा असर भारत पर पड़ेगा।

ट्रंप प्रशासन ने ईरान के चाबहार पोर्ट से जुड़ी छूट को खत्म करने का एलान कर दिया है, जिससे इस रणनीतिक बंदरगाह पर काम कर रहे देशों और कंपनियों पर अब प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। ऐसे में इसका सीधा असर भारत समेत कई देशों पर भी होगा। कारण है कि भारत लगातार इस पोर्ट को विकसित करने में अहम भूमिका निभा रहा है।

अमेरिकी विदेश विभाग के उप प्रवक्ता थॉमस पिगॉट ने कहा कि ईरानी शासन को अलग-थलग करने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप की अधिकतम दबाव नीति के अनुरूप उसने अफगानिस्तान पुनर्निर्माण सहायता और आर्थिक विकास के लिए ईरान स्वतंत्रता और प्रसार-रोधी अधिनियम (आईएफसीए) के तहत 2018 में जारी प्रतिबंध अपवाद को रद्द कर दिया है। यह फैसला 29 सितंबर से प्रभावी होगा।

2018 में अमेरिका ने चाबहार पोर्ट पर छूट दी थी, क्योंकि इसका इस्तेमाल अफगानिस्तान को सहायता भेजने के लिए किया जा रहा था। चाबहार पोर्ट ईरान के सिस्तान-बालोचिस्तान प्रांत में ओमान की खाड़ी के किनारे स्थित है। ऐसे में भारत और ईरान मिलकर इस पोर्ट को विकसित कर रहे हैं ताकि अफगानिस्तान और मध्य एशिया तक व्यापारिक संपर्क को बढ़ाया जा सके। बीते साल 13 मई 2024 को भारत ने इस पोर्ट को 10 साल तक ऑपरेट करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर भी किए थे। ऐसे में इसका सीधा असर भारत पर पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button