गोरखपुर के जंगल कौड़िया में 270 हेक्टेयर में बसेगी अत्याधुनिक आवास विकास टाउनशिप

उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद गोरखपुर के जंगल कौड़िया में 270 हेक्टेयर में एक अत्याधुनिक टाउनशिप विकसित करेगा। राज्य स्तरीय समिति ने भूमि अधिग्रहण को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के तहत यह परियोजना गोरखपुर को व्यवस्थित शहर बनाएगी।

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद अब शहर के जंगल कौड़िया क्षेत्र में 270 हेक्टेयर (लगभग 667 एकड़) के विशाल भूभाग पर एक अत्याधुनिक टाउनशिप विकसित करने जा रहा है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण किया जाएगा। राज्य स्तरीय चयन समिति ने तकनीकी सर्वे के बाद इस स्थान पर मोहर लगा दी है।

शासन के निर्देश पर हाल ही में परिषद के सचिव डा. नीरज शुक्ला के नेतृत्व में राज्य स्तरीय कमेटी ने गोरखपुर, बस्ती, संतकबीरनगर और कुशीनगर में टाउनशिप विकसित करने की संभावनाओं को लेकर विस्तृत स्थलीय सर्वे किया था। इस सर्वे के बाद कमेटी ने फिलहाल जंगल कौड़िया की भौगोलिक स्थिति और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए 270 हेक्टेयर भूमि पर तकनीकी सहमति प्रदान कर दी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाल में निर्देश देने के बाद आवास विकास परिषद को टाउनशिप विकसित करने की संबंधी योजना को धरातल पर उतारने के लिए जुट गया है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आवास विकास परिषद की यह पहल गोरखपुर को पूर्वांचल के सबसे व्यवस्थित शहर के रूप में स्थापित करने की कड़ी है।

जंगल कौड़िया टाउनशिप न केवल आधुनिक जीवनशैली का केंद्र बनेगी, बल्कि यह गोरखपुर के भविष्य के मानचित्र को भी बदल देगी। यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप गोरखपुर को एक ग्लोबल सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button