प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मुख्यमंत्री दो लाख परिवारों के खाते में भेजेंगे एक-एक लाख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल प्रदेश के दो लाख से अधिक परिवारों को अपने घर की बहुत बड़ी खुशी देने जा रहे हैं। सभी परिवारों के बैंक खाते में एक-एक लाख रुपये की राशि सीएम योगी ट्रांसफर करेंगे।

यूपी के दो लाख से ज्यादा परिवारों के हिस्से में रविवार को बड़ी खुशी आने वाली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन परिवारों के खाते में एक-एक लाख रुपए ट्रांसफर करेंगे। यह रुपए इन परिवारों को अपना घर का सपना पूरा करेगा। उत्तर प्रदेश में ‘मिशन आवास’ को नई गति देने के लिए मुख्यमंत्री लोगों को राहत देंगे। 18 जनवरी रविवार को राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (IGP) में एक भव्य राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री डिजिटल माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में आवास निर्माण की पहली किस्त के रूप में करोड़ों रुपये की धनराशि जारी करेंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत प्रदेश के दो लाख से अधिक गरीब परिवारों का अपने घर का सपना अब हकीकत में बदलने वाला है। इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि मुख्यमंत्री ‘डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर’ (DBT) के माध्यम से एक सिंगल क्लिक के जरिए दो लाख से अधिक पात्र लाभार्थियों के खातों में एक-एक लाख रुपये की पहली किस्त जाएगी। कुल मिलाकर एक ही दिन में लगभग 2000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जनता के खातों में पहुंचेगी। इस महत्वपूर्ण अवसर पर केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत पात्र परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना योगी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। पहली किस्त की यह राशि मिलते ही लाभार्थियों के घरों के निर्माण कार्य को नई रफ्तार मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button