
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में फ़ायरिंग, एक शिक्षक की मौत
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) कैंपस के ABK हाई स्कूल में तैनात शिक्षक राव दानिश अली की नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में गोलीबारी में एक शिक्षक की मौत हो गई है। एएमयू के प्रॉक्टर मोहम्मद वसीम अली ने बताया है कि यह घटना बुधवार रात क़रीब 9 बजे हुई। उन्होंने बताया, “हमें सूचना मिली कि लाइब्रेरी के पास कहीं फ़ायरिंग हुई है और उसमें कोई एक आदमी घायल हुआ है और उन्हें इलाज के लिए ले जा रहे हैं।”
“जब हम मेडिकल कॉलेज पहुँचे तो ये पता चला कि जिस आदमी को गोली लगी है उनका नाम राव दानिश अली है और वो यूनिवर्सिटी के एबीके स्कूल में शिक्षक हैं। मौक़े पर लोगों ने बताया कि 7-8 गोलियाँ चली हैं।”
वसीम अली ने बताया कि दानिश अली को सिर में गोली लगी थी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक राव दानिश अली AMU कैंपस स्थित ABK हाई स्कूल में बीते 11 सालों से कंप्यूटर शिक्षक के तौर पर कार्यरत थे। छात्रों और सहकर्मियों के बीच उनकी पहचान एक शांत, अनुशासित टीचर के रूप में थी।
दानिश के परिजनों ने फिलहाल किसी भी तरह की व्यक्तिगत दुश्मनी या विवाद से इनकार किया है.
पुलिस की 6 से ज्यादा टीमें कैंपस और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाल रही हैं। फॉरेंसिक जांच भी जारी है, लेकिन फिलहाल हमलावरों का कोई ठोस सुराग सामने नहीं आया है।
एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने कहा कि हमें एक शिक्षक को गोली मारने की सूचना मिली थी। मौके पर निरीक्षण किया गया है। फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन कई टीमें काम कर रही हैं। जल्द ही गिरफ्तारी होगी।

