
ऑस्ट्रेलिया के बोंडी बीच पर गोलीबारी, 16 लोगों के मारे जाने की ख़बर
सिडनी के बॉन्डी बीच पर हनुक्का उत्सव के दौरान हुए आतंकी हमले में मरने वालों की संख्या 16 पहुंच गई है। 38 लोग घायल हैं, जिनमें कई बच्चे शामिल हैं।
सिडनी के बोंडी बीच पर यहूदी पर्व हनुक्का के दौरान हुए आतंकी हमले ने ऑस्ट्रेलिया के साथ साथ पूरी दुनिया को सन्न कर दिया है। घटना के बाद जो वीडियो सामने आ रहे हैं, उनमें दोनों आतंकियों को बेरहमी से बंदूक चलाते देखा जा सकता है। रविवार शाम को हुए इस आतंकवादी हमले में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक 12 साल का बच्चा भी शामिल है, जबकि करीब 40 लोग घायल हुए हैं।
पुलिस कमिश्नर माल लैन्यन ने कहा है कि दोनों हमलावर पिता और बेटा थे। पिता की उम्र 50 साल और बेटे की उम्र 24 साल बताई गई है। पुलिस के मुताबिक़ 50 वर्षीय हमलावर को पुलिस ने गोली मार दी थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। वहीं 24 वर्षीय युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
इस घटना के बाद 42 लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। इनमें वे पुलिसकर्मी भी शामिल हैं जो मौके पर ड्यूटी पर मौजूद थे।
पुलिस ने बताया है कि 50 वर्षीय व्यक्ति के पास हथियार रखने का लाइसेंस था। उसके नाम पर छह हथियार रजिस्टर्ड थे और बोंडी बीच से भी छह हथियार बरामद किए गए हैं। मौके़ से दो विस्फोटक भी मिले थे जिन्हें पुलिस ने निष्क्रिय कर दिया है।
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने कहा है कि भविष्य में इस तरह के हमलों से निपटने के लिए हर ज़रूरी संसाधन लगाए जाएंगे। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई समाज में ‘यहूदी विरोधी भावना’ को पूरी तरह ख़त्म करने का भी संकल्प जताया है।

