श्रीनगर के नौगाम थाने में रखे विस्फोटक से ब्लास्ट, 9 की मौत

राजधानी दिल्ली में हुए कार ब्लास्ट के बाद शुक्रवार देर रात कश्मीर के नौगाम पुलिस थाने में विस्फोट हुआ है। धमाका इतना जोरदार था कि पुलिस स्टेशन की इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। इस ब्लास्ट में नौ लोग मारे गए हैं और 27 लोग घायल हुए हैं।

दिल्ली में लाल किले के सामने 10 नवंबर को हुए घातक विस्फोट के बाद शुक्रवार देर रात श्रीनगर के नौगाम थाने में जोरदार धमाका हुआ। धमाके में नौ लोगों की मौत हो गई और 27 लोग घायल हो गये।
जम्मू कश्मीर डीजीपी नलिन प्रभात ने बताया कि नौगाम का धमाका सिर्फ हादसा था। नौगाम थाने के बाहर अमोनियम नाइट्रेट रखा था, सैंपलिंग के दौरान विस्फोट हो गया। सैंपलिंग प्रक्रिया दो दिन से चल रही थी। हादसा कैसे हुआ, किसकी गलती से ब्लास्ट हुआ इसकी जांच की जा रही है।
डीजीपी ने बताया, “इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में नौ लोगों की मौत हुई है। इनमें एफ़एसएल टीम के तीन कर्मचारी, दो रेवेन्यू अधिकारी शामिल और अन्य कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा 27 पुलिसकर्मी, दो रेवेन्यू अधिकारी और तीन नागरिक घायल हुए हैं।” सभी घायलों को निकटतम अस्पताल में शिफ़्ट किया गया है, जहां इनका इलाज चल रहा है।
उन्होंने कहा, “पुलिस स्टेशन की इमारत को काफ़ी नुक़सान पहुंचा है. इसके अलावा पड़ोस की इमारतें भी इससे प्रभावित हुई हैं। इस घटना के कारणों की जांच की जा रही है।”
इससे पहले समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाला से बताया कि यह धमाका उस वक़्त हुआ, जब ‘व्हाइट-कॉलर’ टेरर मॉड्यूल मामले से जुड़े विस्फोटकों से सैंपल निकाले जा रहे थे। यह विस्फोटक हरियाणा के फ़रीदाबाद से लाया गया था।
जम्मू कश्मीर में श्रीनगर के नौगाम धमाके पर गृह मंत्रालय का बयान आया है। जिसमें बताया गया है कि नौगाम की घटना एक हादसा है। फरीदाबाद से जब्त विस्फोटक नौगाम थाने में फटा है। विस्फोटक का सैंपल लेने के दौरान हादसा हुआ। धामका किस वजह से हुआ है उसकी जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button