
डीएम का आदेश गोरखपुर में फरवरी से बंद होंगी मैनुअल फाइलें
गोरखपुर के डीएम दीपक मीणा ने सभी सरकारी कार्यालयों में 10 दिन के भीतर ई-ऑफिस प्रणाली लागू करने का निर्देश दिया है। फरवरी के बाद कोई भी फाइल मैनुअल नहीं चलेगी। साथ ही, अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक जनसुनवाई अनिवार्य रूप से करने को कहा गया है।
गोरखपुर के डीएम दीपक मीणा ने सभी सरकारी कार्यालयों में 10 दिन के भीतर ई-ऑफिस प्रणाली लागू करने का निर्देश दिया है। फरवरी के बाद कोई भी फाइल मैनुअल नहीं चलेगी। साथ ही, अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक जनसुनवाई अनिवार्य रूप से करने को कहा गया है। शिकायतों का पंजीकरण और निस्तारण प्रगति दर्ज करने के साथ ही सीसीटीवी कैमरे और बायोमेट्रिक उपस्थिति भी सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।
डीएम ने सभी विभागों को इसके लिए सूचित कर दिया है। इस अवधि में न केवल संबंधित विभाग की सभी फाइलों को ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जाना है बल्कि नई फाइलों को भी ई-ऑफिस के जरिये ही भेजना है।
वरिष्ठ अफसरों ने यह काम शुरू भी कर दिया है। सोमवार को 26 फाइलें डीएम को ई-ऑफिस के जरिये ही भेजी गईं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की सत्ता संभालते ही सरकारी विभागों में कामकाज का तरीका बदलने के लिए केंद्र सरकार की तरह ही हर विभाग में ई-ऑफिस सिस्टम शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसके तहत सभी सरकारी काम ऑनलाइन किए जाने हैं। एक अफसर से दूसरे अफसर और यहां तक कि एक लिपिक से दूसरे लिपिक तक भी कोई फाइल या आदेश की कॉपी ऑनलाइन ही भेजी जाएगी। इसका फायदा यह है कि एक तो मोटी फाइलें खोजने का झंझट नहीं रहेगा, दूसरे अफसर जहां रहेंगे, वहीं से निगरानी या आदेश कर सकेंगे। गोरखपुर जिले में यह पूरी परियोजना ठंडे बस्ते में पड़ी थी। डीएम दीपक मीणा ने अब सारे काम ई-ऑफिस से ही करने के निर्देश दिए हैं।

