
नगर निगम का शहरी सुंदरीकरण की दिशा में एक और पहल ‘नगरीय झील योजना’
गोरखपुर नगर निगम ने शहर के चार प्रमुख जलाशयों को ₹15 करोड़ की लागत से पिकनिक स्पॉट में बदलने की योजना बनाई है। यह पहल भूगर्भ जल संरक्षण और शहरी सौंदर्यीकरण के लिए है।
नगर निगम शहरवासियों को शानदार तोहफा देने जा रहा है। भूगर्भ जल संरक्षण और शहरी सुंदरीकरण की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए, नगर निगम ने शहर के चार प्रमुख जलाशयों के कायाकल्प की योजना तैयार की है।
लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का सबसे बड़ा लाभ स्थानीय जनता को मिलेगा, जिनके लिए ये तालाब अब केवल जल स्रोत नहीं, बल्कि मनोरंजन और सेहत के केंद्र बनेंगे।
नगर निगम ने योजना के तहत शहर के चार वार्डों देवी प्रसाद नगर, डा. राजेंद्र प्रसाद नगर, उर्वरक नगर और शिवपुर वार्ड के तालाबों का चयन किया है। नगर निगम ने ‘अमृत योजना’ और ‘नगरीय झील योजना’ के तहत इसका विस्तृत प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। बजट की स्वीकृति मिलते ही यहां बदलाव की बयार दिखने लगेगी। इन तालाबों के कायाकल्प होने से इन क्षेत्रों में रहने वाले हजारों परिवारों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा।
नगर निगम की इस योजना की सबसे खास बात यह है कि जिन जलाशयों के पास पर्याप्त जगह उपलब्ध होगी, वहां ‘ओपन जिम’ की स्थापना की जाएगी। आजकल की जीवनशैली में लोग अपनी फिटनेस के प्रति जागरूक हो रहे हैं, ऐसे में खुली हवा में कसरत करने की सुविधा स्थानीय युवाओं और बुजुर्गों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगी। इसके अलावा, बैठने के लिए आरामदायक कुर्सियों और बेंच भी लगाए जाएंगे।

