ब्रिटिश पीएम स्टार्मर भारत दौरे पर, आर्थिक गति को उन्नति मिलने की उम्मीद

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर दो दिवसीय भारत यात्रा पर मुंबई पहुंचे जहां मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनका स्वागत किया। उनके साथ 130 शीर्ष सीईओ और वरिष्ठ सरकारी मंत्रियों का एक व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी आया है।

ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर आज यानी बुधवार को दो दिवसीय भारत की यात्रा पर पहुंचे हैं। आज सुबह वह मुंबई के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां पर सीएम देवेंद्र फडणवीस ने उनका स्वागत किया।
ब्रिटेन के लगभग 130 शीर्ष सीईओ और वरिष्ठ सरकारी मंत्री एक व्यापार मिशन के तहत मुंबई पहुंचे हैं। गौरतलब है कि ब्रिटिश पीएम के साथ व्यापार, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों के 100 से अधिक लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल भी आया है। ये यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब जुलाई के महीने में पीएम मोदी ने ब्रिटेन की यात्रा की थी। उस दौरान दोनों देशों के बीच एफटीए पर सहमति बनी थी।
पीएम स्टार्मर ने कहा कि भारत के साथ व्यापार और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के “बहुत अधिक अवसर” हैं. हालांकि, उन्होंने साफ़ किया कि भारतीय कामगारों या छात्रों के लिए वीज़ा नियमों में और ढील देने की कोई योजना नहीं है. स्टार्मर ने कहा, “मुद्दा वीज़ा का नहीं है. यह बिज़नेस, निवेश, रोजगार और ब्रिटेन में समृद्धि लाने से जुड़ा है.”
इस समझौते के तहत ब्रिटिश कारें और व्हिस्की भारत को सस्ती दरों पर निर्यात की जा सकेंगी, जबकि भारतीय वस्त्र और आभूषण ब्रिटेन को कम कीमत पर भेजे जा सकेंगे. इससे दोनों देशों के बीच अरबों पाउंड का व्यापारिक लाभ होगा. समझौते में यह भी प्रावधान है कि ब्रिटेन में शॉर्ट टर्म वीज़ा पर काम करने वाले भारतीय कर्मचारियों को तीन साल तक सामाजिक सुरक्षा शुल्क से छूट दी जाएगी.
इस यात्रा का उद्देश्य ‘विजन 2035’ के अनुरूप भारत-UK व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति का जायजा लेना है। बता दें कि दोनों देशों के बीच भारत-UK व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता बातचीत का प्रमुख केंद्रबिंदु रहने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button