
होली के मौके़ पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने दी देशवासियों को बधाई
देशभर में होली को लेकर खूब उत्साह नजर आ रहा है। इस मौके पर पीएम मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को बधाई दी है और अपना बधाई संदेश अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया है।
देशभर में होली का त्यौहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। लोग एक दूसरे को गुलाल और रंग लगाकर गले मिल रहे हैं और होली की बधाई दे रहे हैं। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देश को बधाई दी है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, “सभी देशवासियों को मेरी ओर से होली की हार्दिक शुभकामनाएं। रंगो का यह त्योहार लोगों के जीवन में प्रेम और आशा का संचार करता है तथा आपसी एकता व भाईचारे को मजबूत करता है। मेरी कामना है कि यह पर्व सबके जीवन में खुशियां लेकर आए और हम सब मिलकर एक विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान
पीएम मोदी ने कहा, “सभी देशवासियों को होली की अनंत शुभकामनाएं। रंग और उमंग से भरा यह त्योहार सबके लिए खुशियों की बहार लेकर आए। हर किसी के जीवन में सुख-समृद्धि और सफलता के रंगों की बौछार हो, यही कामना है।”
पीएम मोदी ने देश को संदेश देते हुए कहा, “होली का त्योहार पूरे माहौल में नई ऊर्जा भर देता है। यही इस उत्सव की बड़ी विशेषता है। हर तरफ जिस प्रकार खुशियों के रंग बिखरे नजर आते हैं, वो हर किसी को उल्लास और आनंद से सराबोर कर जाता है। उद्भिन्नस्तबकावतंससुभगाः प्रे खन्मरुन्नर्तिताः, पुष्पोद्गीर्णपरागपांशुललसत्पत्रप्रकाण्ड त्विषः। गम्भीरक्रमपञ्चमोन्मदपिकध्वानोच्छलद्गीतयः, प्रत्युज्जीवितमन्मथोत्सव इव क्रीडन्त्यमू भूरुहः॥”
गौरतलब है कि देश में होली का त्यौहार आते ही माहौल उत्साहजनक हो जाता है। ये खुशियों और एक-दूसरे को रंगने का त्यौहार है, जिसकी प्रतीक्षा लोग सालभर करते हैं। इस दिन लोग एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की बधाई देते हैं और घरों में गुजिया, मटरी और तमाम तरह के नाश्ते तैयार करके उन्हें मेहमानों के सामने परोसा जाता है।
होली की शाम को लोग अपने परिजनों, रिश्तेदारों और साथियों से मिलने के लिए उनके घर जाते हैं और साथ में खाना-पानी करते हैं। ये त्यौहार रिश्तों में नजदीकियां बढ़ाता है और घरों में खुशहाली लाता है। यही वजह है कि इस त्यौहार को मनाने के लिए दुनियाभर से लोग भारत की विविध जगहों पर आते हैं, जिसमें यूपी के मथुरा-वृंदावन की होली सबसे ज्यादा फेमस है।

