अहमदाबाद एयर इंडिया हादसा, पायलट ने बंद किया फ्यूल स्विच, रिपोर्ट ने किया खुलासा

अहमदाबाद एअर इंडिया हादसे पर इटली के एक अखबार ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि विमान के पायलट ने जानबूझकर फ्यूल स्विच बंद किए, जिससे विमान क्रैश हुआ।

अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे की जांच में एक बड़ा खुलासा सामने आया है। इटली के अखबार कोरिएरे डेला सेरा की रिपोर्ट के अनुसार, जांचकर्ताओं ने निष्कर्ष निकाला है कि हादसा तकनीकी दोष नहीं बल्कि एक जानबूझकर की गई कार्रवाई का परिणाम हो सकता है, हालांकि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की आधिकारिक रिपोर्ट अभी नहीं आई है।
मीडिया रिपोर्ट, जांच रिपोर्ट के उस तथ्य पर आधारित है, जिसमें कहा गया है कि विमान में कोई तकनीकी खामी नहीं मिली है।
साथ ही विमान के कॉकपिट में वॉयस रिकॉर्डिंग के आधार पर यह माना जा रहा है कि पायलट ने ही फ्यूल स्विच बंद किए।
हालांकि अभी तक भारत के एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो और नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इस रिपोर्ट पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। न ही इस दावे की अभी कोई पुष्टि की गई है।
रिपोर्ट में इस बात की भी स्पष्ट जानकारी नहीं है कि किन परिस्थितियों में पायलट ने स्विच जानबूझकर बंद किए। रिपोर्ट में मुख्य संदिग्ध विमान के कमांडर सुमित सभरवाल को बताया गया है। पायलट सुमित सभरवाल की भी विमान हादसे में मौत हो गई थी।
भारतीय पायलट एसोसिएशन और पायलट सुमित सभरवाल का परिवार इस दावे को पहले ही नकार चुका है और इनका कहना है कि हादसे की जिम्मेदारी पायलट पर डालने की सोची समझी साजिश रची जा रही है।
पायलट एसोसिएशन और पायलट सुमित सभरवाल के परिवार ने विमान बनाने वाली कंपनी, एयरलाइन और अन्य तथ्यों की विस्तृत जांच करने की मांग की है।
एअर इंडिया का विमान बोइंग 787 ड्रीमलाइनर बीते साल 12 जून को हादसे का शिकार हो गया था। अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान क्रैश हो गया था। हादसे में 260 लोगों की मौत हुई थी। जिनमें से विमान में सवार 242 यात्रियों और क्रू सदस्यों में से 241 और मेडिकल हॉस्टल के 19 लोग शामिल थे। विमान टेक ऑफ होने के 32 सेकंड बाद ही क्रैश होकर एक मेडिकल हॉस्टल की बिल्डिंग पर गिर गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button