
गोरखपुर विश्वविद्यालय का छात्र सनी सिंह UAE में बढ़ाएगा देश का मान
गोरखपुर के खोराबार निवासी सनी सिंह का चयन 21 से 30 नवम्बर 2025 तक अबू धाबी (यूएई) में आयोजित होने वाली सीनियर वर्ल्ड किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है।
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के एम.ए. समाजशास्त्र प्रथम वर्ष के छात्र और गौरीमंगलपुर, खोराबार निवासी सनी सिंह ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय और शहर का नाम रोशन किया है। उनका चयन 21 से 30 नवम्बर 2025 तक अबू धाबी (यूएई) में आयोजित होने वाली सीनियर वर्ल्ड किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है।
सनी सिंह ने किकबॉक्सिंग के क्षेत्र में अपनी मेहनत और लगन से कई उपलब्धियां अर्जित की हैं। उन्होंने वाको इंडिया किकबॉक्सिंग चैम्पियनशिप में तीन बार राष्ट्रीय पदक जीता है, वहीं वाको इंडिया इंटरनेशनल किकबॉक्सर चैम्पियनशिप में रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा उन्होंने विश्व कप में पाँचवाँ स्थान प्राप्त कर भारत का गौरव बढ़ाया है। हाल ही में आयोजित सीनियर नेशनल किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में उन्होंने कांस्य पदक जीतकर अपनी निरंतर उत्कृष्टता को साबित किया।
सनी सिंह की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार ने हर्ष और गर्व व्यक्त किया है।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने सनी सिंह को बधाई देते हुए कहा – “सनी सिंह ने न केवल विश्वविद्यालय का, बल्कि पूरे पूर्वांचल का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है। उनका संघर्ष, अनुशासन और लगन विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। विश्वविद्यालय खेल प्रतिभाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और सनी की यह उपलब्धि इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।

