सर्वाधिक दुर्घटना वाले 100 जिलों में गोरखपुर, कुशीनगर और बस्ती

गोरखपुर कुशीनगर और बस्ती देश के उन 100 जिलों में शामिल हैं जहाँ सड़क दुर्घटनाएँ अधिक होती हैं। मंत्रालय इन जिलों में सड़क सुरक्षा मित्र कार्यक्रम शुरू करेगा जिसमें 18 से 28 वर्ष के युवाओं को शामिल किया जाएगा।

देश के सबसे अधिक दुर्घटना वाले 100 जिलों में गोरखपुर, कुशीनगर और बस्ती भी शामिल हैं। परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने अपनी सूची में गोरखपुर मंडल के दो और बस्ती मंडल के एक समेत उत्तर प्रदेश के 28 जनपदों को शामिल किया है।
सूची में गोरखपुर जनपद 85वें और कुशीनगर 86वें स्थान पर है। बस्ती अंतिम पायदान 100 नंबर पर है। सूची के पहले पायदान पर छत्तीसगढ़ का रायपुर जिला है। मंत्रालय की सूची में शामिल इन जिलों में मार्ग दुर्घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत ‘सड़क सुरक्षा मित्र’ कार्यक्रम लागू किया जाएगा।
परिवहन आयुक्त का कहना है कि कार्यक्रम का संचालन जिलास्तरीय क्रियान्वयन समिति (डीआरएससी) के अधीन जिलावार किया जाएगा। इसके लिए नोडल अधिकारी नामित किए जाएंगे। माई भारत पोर्टल के साथ समन्वय स्थापित कर इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाएंगे। परिवहन आयुक्त ब्रजेश नारायण सिंह ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को भारत सरकार, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के ‘सड़क सुरक्षा मित्र’ कार्यक्रम से अवगत करा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button