गोरखपुर में क्रिटिकॉन 2025 का आगाज़: देश-विदेश के दिग्गज डॉक्टर जुटे, 800 से अधिक प्रतिभागी शामिल

गोरखपुर में क्रिटिकॉन 2025 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की शुरुआत हुई, जिसमें अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, जर्मनी, पोलैंड, सऊदी अरब, बांग्लादेश और यूएई समेत कई देशों के विशेषज्ञ शामिल हुए। विश्वप्रसिद्ध डॉ. जे.एल. टेबूल ने हेमोडायनामिक मॉनिटरिंग पर व्याख्यान दिया। वर्कशॉप में ECMO, ब्रॉन्कोस्कोपी और एयरवे मैनेजमेंट जैसी तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया गया। 800 से अधिक प्रतिभागियों और चिकित्सकों ने भाग लेकर शोधपत्र भी प्रस्तुत किए।

आयाम स्वरूप, गोरखपुर| गोरखपुर में पहली बार क्रिटिकॉन 2025 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की भव्य शुरुआत हुई। इस आयोजन में न केवल भारत बल्कि अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, पोलैंड, जर्मनी, सऊदी अरब, बांग्लादेश और यूएई से नामी स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने शिरकत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सम्मेलन के पहले दिन सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र बने विश्वप्रसिद्ध विशेषज्ञ डॉ. जे. एल. टेबूल, जिन्हें हेमोडायनामिक मॉनिटरिंग का जनक माना जाता है। उन्होंने इनोट्रॉप वीप्निंग और मॉनिटरिंग पर अपना व्याख्यान दिया।

हेमोडायनामिक मॉनिटरिंग पर डॉ. टेबूल के विचार
डॉ. टेबूल ने कहा, “गंभीर मरीज की जान बचाने के लिए समय पर सही निर्णय लेना सबसे अहम है और हेमोडायनामिक मॉनिटरिंग डॉक्टरों की आंख और कान का काम करती है।”

हेमोडायनामिक मॉनिटरिंग क्या है?
यह तकनीक गंभीर रोगियों के इलाज में बेहद जरूरी है। इसके माध्यम से डॉक्टर यह देख पाते हैं कि—

दिल कितना पंप कर रहा है,
रक्तचाप और ऑक्सीजन की सप्लाई कैसी है,
अंगों तक खून सही मात्रा में पहुंच रहा है या नहीं।
इसी आधार पर मरीजों को दवा की सही मात्रा दी जाती है।

विशेषज्ञों के अन्य व्याख्यान
डॉ. अशरफ एल-हौफी ने रेस्पिरेटरी बीमारी में एंटीबायोटिक डि-एस्केलेशन/एस्केलेशन पर विचार साझा किए।
डॉ. सुमारा तंत्रे ने कठिन परिस्थितियों में एयरवे मैनेजमेंट पर चर्चा की।
डॉ. जोस चाको ने आधुनिक गहन चिकित्सा तकनीकों पर व्याख्यान दिया।
वर्कशॉप में ECMO, हेमोडायनामिक मॉनिटरिंग और ब्रॉन्कोस्कोपी पर विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया।

800 से अधिक प्रतिभागियों की मौजूदगी
इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 800 से अधिक प्रतिनिधि, फैकल्टी और वक्ता शामिल हुए। युवा चिकित्सकों द्वारा प्रस्तुत शोधपत्रों को देश-विदेश के विशेषज्ञों ने खूब सराहा।

प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी
सम्मेलन में मंत्री कमलेश पासवान, सांसद एवं अभिनेता रवि किशन, विधायक डॉ. विमलेश पासवान, डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, आयोजन समिति अध्यक्ष डॉ. महिम मित्तल, सह-अध्यक्ष डॉ. संतोष शर्मा (एचओडी एनेस्थीसिया, एम्स), सचिव डॉ. ए. के. मल्ल, बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राम कुमार, डॉ. आशीष अग्रवाल (अध्यक्ष ISCCM उत्तर प्रदेश), वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ इंटेंसिव एंड क्रिटिकल केयर के प्रेसिडेंट एलेक्ट डॉ. जेवियर फर्नांडेस, डॉ. ए. के. सिंह और संरक्षक डॉ. राजेश मिश्रा सहित कई दिग्गज मौजूद रहे।

मंच संचालन डॉ. प्रियंका द्विवेदी (एसोशिएट प्रोफेसर, एम्स) ने किया जबकि स्वागत डॉ. संतोष शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में सचिव डॉ. ए. के. मल्ल ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button