
‘घुसपैठिया’ पर पहले कांग्रेस और अब सपा का भी पलटवार
'घुसपैठिया' को लेकर राजनीति गरमाई, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घुसपैठियों को लेकर बात करते हुए यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पर तंज कसा और उन्हें भी घुसपैठियां बताया है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ‘घुसपैठिया’ कहा है. लखनऊ में रविवार को एक क्रार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘मुस्लिम आबादी और घुसपैठ’ से जुड़े बयान को लेकर सवाल किया गया था. इस पर उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी के पास सब फ़र्जी आंकड़े हैं. अगर इनके आंकड़े मानोगे तो आप डूब जाओगे.”
अखिलेश यादव ने कहा, “हमारे यहां यूपी में भी घुसपैठिए हैं. मुख्यमंत्री जी उत्तराखंड के हैं. हम तो चाहते हैं इन्हें उत्तराखंड भेज दिया जाए.” इसके आगे वह कहते हैं, “केवल यही घुसपैठिए नहीं हैं, विचारधारा से भी घुसपैठिए हैं. ये बीजेपी के सदस्य नहीं, दूसरे के सदस्य थे. तो आप ही बताओ, भारतीय जनता पार्टी में घुसपैठिए हुए कि नहीं हुए?”
दरअसल, 10 अक्तूबर को अमित शाह ने दो समुदायों की जनसंख्या के आंकड़ों का ज़िक्र करते हुए कहा था कि आबादी वृद्धि में अंतर मुख्य रूप से घुसपैठ के कारण है. उन्होंने कहा कि मुस्लिम आबादी 24.6 प्रतिशत की दर से बढ़ी है, जबकि हिंदू आबादी 4.5 प्रतिशत घट गई.
उनके इस बयान पर रविवार को कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि यह “हिंदू-मुस्लिम में आग भड़काने” का काम है. पवन खेड़ा ने सवाल किया, “अगर मुस्लिम आबादी ‘घुसपैठ’ के कारण बढ़ी है, तो गृह मंत्री पिछले 11 सालों में वास्तव में क्या कर रहे थे?”
अखिलेश यादव से इसी से जुड़ा सवाल किया गया था, जिसके जवाब में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ‘घुसपैठिया’ बताया.

