
लखपति दीदी अभियान: महिलाओं को मिलेगा बिना ब्याज के ऋण
इस योजना का उद्देश्य देश की 3 करोड़ महिलाओं को आर्थिक स्तर पर आत्मनिर्भर बनाना है। इस योजना की शुरुआत 15 अगस्त, 2023 को की गई थी।
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की ओर से हाल ही में पेश किए गए बजट 2026–27 में महिलाओं के लिए एक बहुत ही अहम घोषणा की गई है। बजट में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, स्वयं सहायता समूहों (SHG) की महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें उद्यमिता से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है। सरकार का लक्ष्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाकर ‘लखपति दीदी अभियान को नई गति देना है।
इसी दिशा में उत्तर प्रदेश महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 200 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इस योजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को लघु उद्योग और स्वरोजगार शुरू करने के लिए आसान, ब्याज मुक्त और चरणबद्ध पूंजी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे महिलाओं को छोटे स्तर पर कारोबार शुरू करने में सहायता मिलेगी और वे परिवार की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि राज्य सरकार महिलाओं और युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत भी युवाओं को छोटे उद्योग स्थापित करने के लिए ब्याज मुक्त ऋण की व्यवस्था की गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा।

