
फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में ‘लापता लेडीज’ का रहा जलवा, अभिषेक बच्चन, कार्तिक आर्यन और आलिया के नाम रही sham
70वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में 'लापता लेडीज' ने 14 अवॉर्ड जीते। अभिषेक बच्चन और कार्तिक आर्यन संयुक्त रूप से बेस्ट एक्टर बने, आलिया भट्ट बेस्ट एक्ट्रेस।
शनिवार रात 70वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स का शानदार आयोजन गुजरात के अहमदाबाद में किया गया। इस अवॉर्ड नाइट को बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने करण जौहर और मनीष पॉल के साथ मिलकर होस्ट किया। इस साल के अवॉर्ड्स में सबसे ज्यादा धूम निर्देशक किरण राव की फिल्म ‘लापता लेडीज’ ने मचाई, जिसने 24 नॉमिनेशन में से रिकॉर्ड 14 अवॉर्ड अपने नाम किए। यह फिल्मफेयर के इतिहास की सबसे बड़ी जीतों में से एक बन गई है।
इस इवेंट में अभिषेक बच्चन को बॉलीवुड इंडस्ट्री में डेब्यू के 25 सालों बाद अपना पहला ‘बेस्ट एक्टर’ फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला है। उन्हें ये अवॉर्ड शूजित सिरकार की ‘आई वॉन्ट टू टॉक’ के लिए मिला। एक्टर को इससे पहले तीन फिल्मफेयर अवॉर्ड्स ‘बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर’ के तौर पर मिले हैं।
अभिषेक के अलावा कार्तिक आर्यन भी पहला ‘बेस्ट एक्टर’ फिल्मफेयर अवॉर्ड जीते हैं। उन्हें ये अवॉर्ड फिल्म ‘चंदू चैम्पियन’ के लिए मिला। आलिया भट्ट को फिल्म ‘जिगरा’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का खिताब मिला है।
किरण राव की फिल्म ‘लापता लेडीज‘ ने इस अवॉर्ड नाइट पर पूरी तरह से वर्चस्व कायम रखा। इसी फिल्म के लिए छाया कदम को बेस्ट सपोर्टिंग फीमेल एक्ट्रेस और रवि किशन को बेस्ट सपोर्टिंग मेल एक्टर का अवॉर्ड मिला। रवि किशन अवॉर्ड लेते समय भावुक भी हुए। क्रिटिक्स कैटेगरी में, राजकुमार राव ने बेस्ट मेल एक्टर और प्रतिभा रांटा ने बेस्ट लीड एक्ट्रेस का अवॉर्ड जीता। डेब्यू कैटेगरी में नितांशी गोयल को बेस्ट डेब्यू एक्ट्रेस और लक्ष्य को बेस्ट डेब्यू एक्टर का अवॉर्ड मिला, जबकि कुणाल खेमू और आदित्य सुहास जंभाले ने संयुक्त रूप से बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर का अवॉर्ड अपने नाम किया।
इस अवॉर्ड नाइट में दिग्गजों को भी विशेष सम्मान दिया गया। जया बच्चन को भारतीय सिनेमा में उनके अमूल्य योगदान के लिए सिने आइकन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

