
एक भारत, श्रेष्ठ भारत
गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एकता पदयात्रा की, जो नगर निगम से काली मंदिर तक गई। इस दौरान शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। महारानी लक्ष्मीबाई और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी गई। सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे, ड्रोन से निगरानी रखी जा रही थी। यात्रा में 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के नारे लगे और लोगों में उत्साह था।
गोरखपुर। गोलघर की सड़कों पर सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एकता पदयात्रा नगर निगम परिसर से शुरू होकर काली मंदिर तक बढ़ी,और पूरा शहर राष्ट्रप्रेम और एकता के रंग में रंग गया।महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ जब यात्रा की शुरुआत हुई, तो हवा में वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारे गूंज उठे।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले महारानी लक्ष्मी बाई उसके बाद महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित किए,जहां कुछ क्षणों के लिए वातावरण पूरी तरह भावनाओं से भर उठा।गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि के दौरान पूरा टाउनहाल जयघोषों से गूंजा और लोगों ने तिरंगे लहराकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
एकता यात्रा में सीएम के साथ जलशक्ति मंत्री और जनप्रतिनिधिगण साथ साथ कदम बढ़ा रहे थे। इस यात्रा में अपार जनसमूह शामिल हुआ। इसमें अधिकतर लोग हाथों में तिरंगा झंडा लहराते हुए चल रहे थे। जैसे जैसे यात्रा आगे बढ़ती रही, पूरा मार्ग राष्ट्रीय ध्वज के रंगों से प्रतिबिंबित होता रहा।
एकता यात्रा में वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे देशभक्ति के ज्वार का माहौल बना रहे थे। टाउनहाल से लेकर पटेल चौराहा गोलघर काली मंदिर तक सड़क के किनारे पहले से मौजूद हर उम्र वर्ग के लोगों, विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, व्यापारिक संगठनों के लोगों ने जयघोष के बीच पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया।

