
सतीश शाह का अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट में संपन्न
जाने माने एक्टर सतीश शाह का निधन हो गया है. उनका जन्म 25 जून, 1951 को मुंबई में हुआ था. उन्हें उनके कॉमिक रोल के लिए जाना जाता है, उनकी बड़ी फिल्मो में दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे (1995), कल हो ना हो (2003), मैं हूं ना (2004), और ओम शांति ओम (2007) शामिल हैं. इन फिल्मों में उन्होंने यादगार रोल किया था. उन्होंने प्रोड्यूसर मधु शाह से शादी की थी.
उनके पीए रमेश ने उनकी मौत की जानकारी देते हुए बताया कि सतीश शाह ने 25 अक्टूबर तकरीबन 2:30 आखिरी सांस ली.
शनिवार दोपहर लंच करते वक्त सतीश अचानक बेसुध हो गए थे. अभिनेता के मैनेजर रमेश कडतला ने इस बात की पुष्टि की. रमेश ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, ‘कल लंच करते समय निधन हुआ था. यह घटना 2:45 बजे के आसपास की है, जब वे लंच कर रहे थे. उन्होंने खाना खाते-खाते एक निवाला खाया और फिर गिर गए. एम्बुलेंस लाने में लगभग आधा घंटा लगा. हॉस्पिटल जाने पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया’.
सतीश शाह का अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान घाट में थोड़ी देर पहले किया गया है. उनके अंतिम दर्शन के लिए बॉलीवुड और टीवी जगत के कई सितारे पहुंचे हैं. सतीश को अंतिम विदाई देते वक्त उनके दोस्त, को-स्टार्स, परिजन हर कोई भावुक नजर आ रहा है.

