
फायरिंग मामले में कमाल आर खान गिरफ्तार, आज कोर्ट में होगी पेशी
एक्टर, राइटर और प्रोड्यूसर कमाल आर खान उर्फ KRK को मुंबई के ओशिवारा की अंधेरी स्थित एक रिहायशी इमारत में फायरिंग करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने फायरिंग की बात कबूल की है।
एक्टर-प्रोड्यूसर और कथित फिल्म क्रिटिक कमाल आर खान अक्सर अपने विवादित सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। बीते शुक्रवार उन्हें मुंबई पुलिस ने हिरासत में लिया। कमाल आर खान उर्फ केआरके को बीते 18 जनवरी को मुंबई के ओशिवारा के अंधेरी स्थित एक रिहायशी बिल्डिंग पर चार राउंड फायरिंग करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। पुलिस की पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है और आज शनिवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।
ओशिवारा फायरिंग मामले में केआरके ने पुलिस हिरासत में अपना जुर्म कबूल किया। मुंबई पुलिस की टीम ने केआरके से पूछताछ की। केआरके ने यह स्वीकार किया कि उन्होंने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग की थी। उन्होंने यह सफाई भी दी है कि वे बंदूक की सफाई कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान चेक करने के लिए घर के सामने जंगल के इलाके में फायरिंग की थी। किसी को नुकसान पहुंचाना उनका मकसद नहीं था।
पुलिस ने केआरके की बंदूक को भी जब्त कर लिया है। खबरों के मुताबिक, ओशिवारा के इलाके में स्थित बिल्डिंग में गोलीबारी की घटना 18 जनवरी को घटी थी। एक रिहायशी इमारत पर गोलियां चलाई गई थीं। पुलिस ने नालंदा सोसाइटी से दो गोलियां बरामद की थीं। एक दूसरी मंजिल से और दूसरी गोली इमारत की चौथी मंजिल से बरामद की थी। इनमें से एक घर एक लेखक-निर्देशक का है और दूसरा घर एक मॉडल का है। ओशिवारा इलाके में डायरेक्टर और मॉडल के घर फायरिंग से सनसनी फैल गई थी। हालांकि, इस गोलीबारी में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

