
ममता ने अमित शाह को बताया ‘कार्यवाहक पीएम’, मोदी को चेताया
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लिए बड़ा बयान देते हुए कहा, अमित शाह कार्यवाहक प्रधानमंत्री के तौर पर व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने पीएम मोदी को इसके लिए सावधान रहने को कहा है।
ममता बनर्जी ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर बयान देते हुए कहा कि उनके कामकाज का तरीका कार्यवाहक प्रधानमंत्री जैसा है। बनर्जी ने बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित उत्तर बंगाल के दौरे से लौटने के बाद कोलकाता हवाई अड्डे के बाहर संवाददाताओं से कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आग्रह करना चाहती हैं कि वह शाह पर बहुत अधिक भरोसा न करें, जो एक दिन उनके मीर जाफर बन सकते हैं।
ममता बनर्जी ने कहा कि वह बंगाल के 18वीं सदी के सेनापति मीर जाफर का संदर्भ दे रही थी जिसने ऐतिहासिक प्लासी के युद्ध में नवाब सिराजुद्दौला को धोखा दिया था और अंग्रेजों के साथ मिल गया था। बाद में वह बंगाल का शासक बना।
तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी ने बीजेपी के शीर्ष नेताओं पर चुनाव वाले राज्यों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए चुनाव आयोग के कामकाज में हस्तक्षेप का आरोप लगाया। बनर्जी ने कहा कि उनके (भाजपा के)एक नेता बैठक करते हैं और यहां आकर कहते हैं कि वह बंगाल की मतदाता सूची से कई लाख नाम हटा देंगे। हम इस समय प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहे हैं। ऐसी परिस्थितियों में एसआईआर प्रक्रिया एक पखवाड़े के भीतर पूरी नहीं हो सकती है। और क्या उस अवधि में नए नाम अपलोड किए जा सकते हैं? उन्होंने सवाल किया कि क्या चुनाव आयोग को बीजेपी पार्टी के इशारे पर काम करना चाहिए या उसे लोगों के लोकतांत्रिक और नागरिक अधिकारों के हित में काम करना चाहिए?

