
जल संरक्षण के लिए गोरखपुर नगर निगम को राष्ट्रपति के हाथों मिला है पुरस्कार
मेयर ने कहा कि गोरखपुर नगर निगम की ओर से शुरू किए गए कई नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।
गोरखपुर। जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रपति से राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार प्राप्त कर लौटे मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल का बृहस्पतिवार को नगर निगम सदन हॉल में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। यह सम्मान निगम को शहर में तालाबों के पुनर्जीवन, सीवरेज प्रबंधन और जल संरक्षण के नवाचारों के लिए प्रदान किया गया है।
नगर निगम पहुंचने पर मेयर और नगर आयुक्त ने टीम का अभिनंदन किया और इस उपलब्धि को शहरवासियों के सहयोग का नतीजा बताया। इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में मेयर ने कहा कि गोरखपुर नगर निगम की ओर से शुरू किए गए कई नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। कई पुराने तालाबों की सफाई और निर्मलीकरण कर उन्हें पुनर्जीवित किया गया है।
नगर आयुक्त ने कहा कि राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार मिलना पूरे शहर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि निगम ने पिछले दो वर्षों में जल संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाए, जिनमें कूड़े से कंपोस्ट तैयार करने, नालों की सफाई, पानी की बर्बादी रोकने और पेयजल वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करने जैसे कदम शामिल हैं। इस दौरान अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, अतुल कुमार, प्रमोद कुमार, निगम के सभी पार्षद और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

