
सीएम योगी 28 जुलाई को आएंगे गोरखपुर, विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात; गुरु पूर्णिमा पर करेंगे गुरु पूजन और शिष्यों को देंगे आशीर्वाद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 28 जुलाई को गोरखपुर में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। वह ग्रीन सिटी से माधोपुर बंधा तक नई सड़क का उद्घाटन करेंगे, जिससे आवागमन आसान होगा। इसी दिन सिविल बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल होंगे। 29 जुलाई (गुरु पूर्णिमा) पर गोरखनाथ मंदिर में गुरु पूजन कर शिष्यों को आशीर्वाद देंगे।
आयाम स्वरूप, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 28 जुलाई को गोरखपुर दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह जिले को कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। कार्यक्रम के तहत कुछ परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा, जबकि कुछ नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी होगा। इसके बाद 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से अपने गुरुओं का पूजन करेंगे और अपने शिष्यों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
पिछले पखवाड़े में 1700 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की दे चुके हैं सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पिछले एक पखवाड़े में गोरखपुर को लगभग 1,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दे चुके हैं। इनमें अधिकांश परियोजनाएं सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने से संबंधित हैं। इस बार के दौरे में भी मुख्यमंत्री एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का लोकार्पण करेंगे।
ग्रीन सिटी होते हुए माधोपुर बंधा तक बनेगी बेहतर कनेक्टिविटी
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए अधिकारियों ने शनिवार को संबंधित सड़क परियोजना का निरीक्षण किया था और शेष निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए थे।
अधिकारियों ने सड़क किनारे बनी नालियों पर रखे गए स्लैबों को व्यवस्थित ढंग से लगाने और सड़क के सुंदरीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
यह सड़क गोरखपुर-सोनौली रोड से ग्रीन सिटी होते हुए माधोपुर बंधा तक जाएगी। इसके बनने से बरगदवा और मेडिकल कॉलेज क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सहजनवा जाने के लिए एक बेहतर वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा, जिससे आवागमन अधिक सुगम होगा।
अधिवक्ताओं के शपथ ग्रहण समारोह में भी होंगे शामिल
28 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिविल बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल होंगे।
यह कार्यक्रम दीवानी कचहरी परिसर में आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। समारोह में मुख्यमंत्री अधिवक्ताओं को संबोधित भी करेंगे।
गुरु पूर्णिमा पर गोरखनाथ मंदिर में करेंगे गुरु पूजन
29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विधि-विधान से अपने गुरुओं की पूजा-अर्चना करेंगे और अपने शिष्यों को आशीर्वाद देंगे।
इसके अलावा, गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में गोरखनाथ मंदिर में आयोजित श्रीराम कथा के समापन समारोह में भी मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

