पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मौत और खराब स्वास्थ्य की खबरों से देश में हंगामा मच गया. इस बीच अदियाला जेल प्रशासन ने अफवाहों को खारिज किया कर दिया है।

पाकिस्तान में बुधवार (26 नवंबर 2025) देर रात सोशल मीडिया पर अचानक यह खबर फैलने लगी कि पूर्व प्रधानमंत्री और PTI संस्थापक इमरान खान की हालत बेहद खराब है या उनकी मौत हो चुकी है। देखते ही देखते यह अफवाह इतनी तेज़ी से फैली कि अदियाला जेल के बाहर हजारों लोग जमा हो गए और पूरे देश में हलचल मच गई। रावलपिंडी, पेशावर और कई शहरों में PTI कार्यकर्ताओं ने आपात प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इमरान खान को लेकर पाकिस्तान में फैली अफवाहों को लेकर रावलपिंडी स्थिति आदियाला जेल प्रशासन ने आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ दी है। जेल प्रशासन ने कहा है कि इमरान खान पूरी तरह स्वस्थ हैं और जेल में ही हैं। जेल प्रशासन ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें आरोप लगाया गया था कि इमरान खान को खराब स्वास्थ्य की वजह से कहीं और शिफ्ट कर दिया गया है। हाल के दिनों में इमरान खान के बारे में कई रिपोर्ट सामने आई हैं। उनके परिवार का दावा है कि उन्हें तीन हफ़्ते से उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है। जियो न्यूज के मुताबिक, रावलपिंडी जेल के अधिकारियों ने एक बयान में कहा है कि “अदियाला जेल से उनके ट्रांसफर की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं और उन्हें पूरा मेडिकल अटेंशन मिल रहा है।”
जेल अधिकारियों ने आगे साफ किया है कि उनकी सेहत के बारे में अटकलें बेबुनियाद हैं और इस बात पर जोर दिया कि PTI के फाउंडर की सेहत का ध्यान रखा जा रहा है। आपको बता दें कि इमरान खान, जो अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं, उन्हें अप्रैल 2022 में विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव के जरिए सत्ता से हटा दिया गया था। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार से लेकर आतंकवाद तक कई मामलों में मुकदमा दर्ज है और कुछ मामलों में सजा भी सुनाई गई है।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि इमरान खान को जेल के अंदर फाइव स्टार सुविधाएं मौजूद हैं। उन्हें फाइव स्टार होटलों जैसा खाना दिया जाता है और उन्हें पूरा आराम मिल रहा है। जबकि उनके समर्थकों की तरफ से बार बार आरोप लगाया जाता रहा है, कि उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है या उनकी स्वास्थ्य स्थिति खराब है, लेकिन जेल प्रशासन ने एक बार फिर कहा है कि उनको लेकर फैलाई जा रही बातों में कोई सच्चाई नहीं है। पिछले कुछ महीनों में यह पहली बार नहीं है, जब इमरान खान की जेल में खराब हालत होने या मौत की खबरें सामने आई हों। लेकिन हर बार जेल प्रशासन ने ऐसी रिपोर्ट्स के अफवाह करार दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button