लगातार रद्द होती उड़ानें बनीं यात्रियों की असुविधा की वजह

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की सैकड़ों फ्लाइट्स कैंसिल हो गई हैं। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई एयरपोर्ट्स पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया है। कल 500 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हुई थी और आज भी 400 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हो चुकी हैं।

इंडिगो देश की सबसे बड़ी एयरलाइन है। देश का 60 फीसदी से ज्यादा मार्केट इसी कंपनी के पास है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से इसकी स्थिति ठीक नहीं है। इंडिगो की सैकड़ों फ्लाइट्स कैंसिल हो चुकी हैं। इससे देश के कई हवाई अड्डों पर अफरा-तफरी की स्थिति है। कई जगहों पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया है।
इंडिगो ने स्वीकार किया कि नए नियमों के बाद क्रू की जरूरत का गलत आकलन हुआ है। इसके अलावा सर्दियां, तकनीकी दिक्कतें और स्टाफ की कमी ने मिलकर उड़ानों को बुरी तरह प्रभावित किया है। DGCA को भेजी रिपोर्ट में इंडिगो ने बताया कि वे पायलट-क्रू ड्यूटी के नए नियमों को फिलहाल वापस ले रहे हैं। रात की ड्यूटी सुबह 5 बजे तक थी, अब इसे सुबह 6 बजे तक बढ़ाया था। इसे वापस लिया गया। रात में दो लैंडिंग की सीमा भी अस्थायी रूप से हटाई गई।
इंडिगो ने चेतावनी दी है कि शेड्यूल सामान्य होने में कम से कम 2–3 दिन और लगेंगे। 8 दिसंबर से एयरलाइन ने उड़ानों का शेड्यूल कम कर दिया है ताकि अव्यवस्था को रोका जा सके। इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने कर्मचारियों को संदेश दिया कि समय पर उड़ानें चालू करना आसान नहीं होगा। हम पूरी ताकत से स्थिति सुधारने में लगे हैं।
इंडिगो की उड़ानों में आ रही दिक्कतों के चलते रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया है। जम्मू-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में अगले सात दिनों के लिए एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच लगाया जाएगा। इस कोच में 72 सीटें होंगी। यह व्यवस्था आज रात से शुरू हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button