
नासा में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी
गोरखपुर पुलिस ने नासा के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले सुकांता सुब्रत बनर्जी को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। उसने निवेशकों को नासा में निवेश करने पर भारी मुनाफे का लालच दिया था और फर्जी दस्तावेज दिखाए थे। गोरखपुर और देवरिया में उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं।
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के नाम पर ठीकेदार समेत तीन लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाला जालसाज सुकांता सुब्रत बनर्जी आखिरकार गाेरखपुर पुलिस के हत्थे चढ़ गया।रामगढ़ताल थाना पुलिस ने उसे कोलकाता से गिरफ्तार किया। साेमवार को उसे गोरखपुर लाया गया,पूछताछ कर दोपहर बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया। उसके साथियों की तलाश चल रही है।
शातिरों ने इंदिरा गांधी गर्ल्स डिग्री कॉलेज के प्रबंधक से भी करोड़ों रुपये की ठगी कर भाग गए थे। रामगढ़ताल पुलिस ने शुक्रवार को कॉलेज प्रबंधक की तहरीर पर जालसाज दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की है।
आरोप है कि जालसाज दंपती ने निवेश करने पर एक रुपये के बदले सौ रुपये तक लाभ मिलने का दावा किया। बड़ी कमाई का भरोसा दिलाकर उन्होंने अनिल राय से करोड़ों रुपये का निवेश करवा लिया। अनिल राय ने बताया कि शुरू में लाभ मिलने की बात कहे जाने पर विश्वास और बढ़ गया।
इसी बीच उनके साथ कॉलोनी में रहने वाले पदमाकर त्रिपाठी, राकेश और विजय ने भी एक करोड़ रुपये से अधिक का निवेश कर दिया। पीड़ित के अनुसार, सुकांता बनर्जी खुद को नासा से संबद्ध एक कंपनी का चीफ कोऑर्डिनेटर बताता था, जिससे उसकी बातों पर लोग आसानी से भरोसा कर लेते थे।
कुछ समय बाद न तो कोई लाभ मिला और न ही निवेश की गई रकम वापस की गई।
सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गहन जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, सुकांता बनर्जी को 11 नवंबर को धोखाधड़ी के ही एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर जेल भिजवाया जा चुका है। उसके जेल जाने के बाद लगातार उसके पुराने कारनामे सामने आ रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि उसने देश के अलग-अलग हिस्सों में कई लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की है।

