
आस्कर के लिए शॉर्टलिस्ट हुई फिल्म होमबाउंड
होमबाउंड जाएगी भारत की तरफ़ से ऑस्कर, वो फ़िल्म जिसके लिए कान फ़िल्म फ़ेस्टिवल में नौ मिनट तक बजीं तालियां
नीरज घेवान की फ़िल्म ‘होमबाउंड’ ने ऑस्कर की अंतरराष्ट्रीय फ़ीचर फ़िल्म कैटगरी में अंतिम 15 फ़िल्मों की सूची में अपनी जगह बनाई है। ऑस्कर की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, ’98वें अकादमी अवॉर्ड्स की इंटरनेशनल फ़ीचर फ़िल्म कैटेगरी में अगले वोटिंग राउंड के लिए 15 फिल्मों का चयन किया गया है। इस कैटेगरी में 86 देशों या क्षेत्रों की फ़िल्में थीं।’
धर्मा मूवीज़ ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “होमबाउंड को 98वें अकादमी पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फ़ीचर फ़िल्म के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। दुनिया भर से मिले असाधारण प्यार और समर्थन के लिए हम तहे दिल से आभारी हैं।” यह वही फ़िल्म है जिसके लिए कान फ़िल्म फ़ेस्टिवल में नौ मिनट तक तालियां बजीं थीं।
होमबाउंड में ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं। इस फ़िल्म को कान समेत कई फ़िल्म फ़ेस्टिवल में सराहना मिली है। फ़िल्म के निर्देशक नीरज घेवान की भी ख़ूब तारीफ़ हो रही है।
‘होमबाउंड’ दो बचपन के दोस्तों शोएब और चंदन की कहानी है, जो पुलिस अफसर बनने का सपना देखते हैं। लेकिन उनका यह सफर आसान नहीं होता। सामाजिक भेदभाव, आर्थिक दबाव और सिस्टम की सख्ती उनके रास्ते में बार-बार रुकावट बनती है। फिल्म दोस्ती, कर्तव्य और युवा वर्ग पर पड़ने वाले सामाजिक दबावों को बेहद संवेदनशील तरीके से पेश करती है।

