गोरखपुर में त्यौहार की रौनक: अग्रवाल भवन में मारवाड़ी महिला सम्मेलन की डांडिया-गरबा इवनिंग

अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन नई उमंग ने डांडिया–गरबा इवनिंग आयोजित किया, जहां रंगीन परिधानों में महिलाओं ने नृत्य, गेम्स और प्रतियोगिताओं संग संस्कृति और उत्सव का आनंद लिया।

अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन नई उमंग ने गुरुवार शाम अग्रवाल भवन में रंगारंग डांडिया–गरबा इवनिंग का आयोजन किया। इस मौके पर महिलाओं ने पारंपरिक रंग-बिरंगे परिधानों में सजी-धजी होकर गुजराती धुनों पर खूब थिरकते हुए उत्सव का माहौल बना दिया। गीत, संगीत, नृत्य और खेलों ने शाम को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान चालीसा के गायन से हुई, जिसके बाद डांस, गेम्स और प्रतियोगिताओं का सिलसिला शुरू हुआ। समिति अध्यक्ष रेनू कंदोई ने कहा, त्यौहारों का मौसम शुरू हो चुका है और हमने इसकी शुरुआत इस कार्यक्रम से की है। जब मन में उत्साह हो तो कदम अपने आप थिरकने लगते हैं। डांडिया पकड़ते ही डांस शुरू हो जाता है, इंजॉय करने के लिए उम्र मायने नहीं रखती।

गरबा और डांडिया के दौरान प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुति दी। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सभी ने माना कि ऐसे आयोजन न केवल मनोरंजन का साधन हैं, बल्कि यह हमारी संस्कृति को जीवंत रखने का सुंदर प्रयास भी है। त्योहारों को मिलजुलकर मनाने से खुशियों की मिठास और भी बढ़ जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button