गोरखपुर राप्ती नदी में नहाते समय चार किशोर डूबे

गोरखपुर में राप्ती नदी में नहाने गए चार किशोर डूब गए। खोराबार थाना क्षेत्र के मिर्जापुर में पीपा पुल के पास यह हादसा हुआ। उनके साथ गया एक किशोर बचकर घर पहुंचा, जिसने घटना की पुष्टि की।

राप्ती नदी में नहाने गए चार किशोर डूब गए, जबकि उनके साथ गया कए किशोर बचकर घर पहुंच गया। यह हादसा शाम चार बजे खोराबार थाना के मिर्जापुर में बने पीपा पुल के पास का है। मौके पर पहुंची पुलिस को नदी किनारे चार साइकिल और चार जोड़ी चप्पल मिले।
बचकर घर पहुंचे किशोर ने साथियों के डूबने की पुष्टि की। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया, स्वजन का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं सूचना पर जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. कौस्तुभ भी मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर सर्च आपरेशन चलाकर डूबे किशोर की तलाश कर रहे हैं।
रानीडिहा के बीरू राजभर, अनिकेत यादव, राजकरन उर्फ टाइमपास, मालवीय नगर के विवेक निषाद और जंगल सिकरी के गगन पासवान बुधवार को चार साइकिल से घर से निकले थे। सभी किशोर मिर्जापुर गांव स्थित पीपा पुल के पास राप्ती नदी में नहाने पहुंच गए। बारी-बारी से सभी पीपा पुल पर चढ़कर नदी में कूद रहे थे।
इसी दौरान पांचों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इसमें से राजकरन किसी तरह बाहर निकल आया और डर के कारण सीधे घर भाग गया। इधर, देर शाम तक अन्य किशोरों के घर नहीं पहुंचने पर स्वजन उनकी तलाश में जुट गए। इसी बीच ग्रामीणों ने पुलिस को नदी में चार किशोरों के डूबने की सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो नदी किनारे साइकिल, चप्पल, कपड़े और एक मोबाइल फोन मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button