
नीतीश कुमार ने राज्यसभा के सांसद पद की ली शपथ
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली, जिससे वे चारों सदनों के सदस्य बनने वाले पहले नेता बन गए. उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने उन्हें शपथ दिलाई.
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा के सांसद पद की शपथ ली. वह पिछले महीने 16 मार्च को बिहार से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे. उन्होंने 30 मार्च को बिहार की विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया था, हालांकि उन्होंने अब तक मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा नहीं दिया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद पद की शपथ लेने पर उन्हें बधाई दी है.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “नीतीश कुमार जी देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं. सुशासन को लेकर उनकी प्रतिबद्धता की हर तरफ सराहना हुई है.”
शपथ ग्रहण समारोह के बाद नीतीश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से औपचारिक मुलाकात कर सकते हैं. माना जा रहा है कि इस दौरान बिहार में एनडीए सरकार के नए स्वरूप और भविष्य की राजनीतिक रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा होगी.

