
मंगेशकर बहनो की याद में बनेगा अस्पताल
मशहूर सिंगर आशा भोसले के निधन के बाद उनके भाई हृदयनाथ मंगेशकर ने बड़ा ऐलान किया है. वे लता और आशा की याद में एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल बनाने जा रहे हैं.
संगीत की दुनिया में मंगेशकर परिवार का नाम हमेशा से सम्मान के साथ लिया जाता रहा है. अब इस विरासत को एक नई दिशा देने के लिए परिवार ने बड़ा फैसला लिया है. दरअसल, दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन के बाद उनके भाई हृदयनाथ मंगेश्कर ने एक अहम ऐलान किया है. उन्होंने बताया कि वे अपनी दोनों बहनों लता मंगेश्कर और आशा भोसले की याद में एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल बनवाने की योजना पर काम कर रहे हैं.
मीडिया से बातचीत में हृदयनाथ ने कहा कि इस बड़े प्रोजेक्ट के लिए जमीन भी खरीदी जा चुकी है और इसे भव्य स्तर पर तैयार किया जाएगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह अस्पताल एशिया के सबसे बड़े मेडिकल संस्थानों में शामिल होगा. बताया जा रहा है कि इस अस्पताल का नाम ‘लता-आशा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज’ या ‘लता-आशा मंगेशकर आयुर्विद्या संस्थान’ रखा जा सकता है. इसके साथ ही परिवार एक म्यूजियम बनाने की भी योजना बना रहा है, जहां मंगेशकर परिवार की संगीत यात्रा को दिखाया जाएगा और लोग इंटरैक्टिव तरीके से संगीत सीख भी सकेंगे.

