इजरायल-लेबनान 10 दिनों के युद्धविराम पर राजी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल और लेबनान के बीच 10 दिनों के युद्धविराम की घोषणा की है, जो गुरुवार रात से प्रभावी होगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार देर रात इजरायल और लेबनान के बीच 10 दिनों के युद्धविराम का एलान किया।
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि युद्धविराम शाम पांच बजे ईटी (भारतीय समयानुसार तड़के 3.30 बजे) से लागू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ हुई बातचीत के बाद दोनों देशों ने इस पर सहमति जताई है।
ट्रंप ने दावा किया कि यह समझौता दोनों देशों के बीच स्थायी शांति की दिशा में अहम कदम साबित हो सकता है। ट्रंप ने दोनों देशों के नेताओं को व्हाइट हाउस आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि इजरायल और लेबनान को 1983 के बाद पहली सार्थक द्विपक्षीय वार्ता के लिए बुलाएंगे। उन्होंने दावा किया कि दोनों पक्ष शांति की दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं और यह प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ सकती है। ट्रंप ने ये भी लिखा कि वह अब तक 10 युद्ध रुकवा चुके हैं।
इस संघर्ष में अब तक 2,196 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 12 लाख से अधिक लोग बेघर हो चुके हैं। उधर, गुरुवार को इजरायली सेना ने लेबनान की लिटानी नदी पर स्थित उस आखिरी पुल को भी ध्वस्त कर दिया, जो दक्षिणी लेबनान को देश से जोड़ता था। दावा किया कि हिजबुल्ला के 70 आतंकी ठिकानों को एक मिनट के अंदर ध्वस्त कर दिया गया। हिजबुल्ला ने 24 घंटे में 39 सैन्य ठिकानों पर हमले का दावा किया।
इजरायली सेना ने दावा किया है कि युद्धविराम के दौरान वह दक्षिणी लेबनान से सैनिकों को पीछे नहीं हटाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button