
गोरखपुर में PAC वाहन की टक्कर से युवक और किशोर की मौत, हाईवे पर घंटों तक हंगामा
रांग साइड से आ रहे वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
गोरखपुर में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और किशोर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि राजघाट पुल और नौसढ़ के बीच रांग साइड से आ रहे पीएसी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

बाढ़ बचाव प्रशिक्षण के लिए तैनात थी PAC टीम
जानकारी के अनुसार, बाढ़ बचाव प्रशिक्षण के लिए पीएसी की एक टीम राजघाट नदी किनारे तैनात है। गुरुवार शाम करीब पांच बजे टीम का एक वाहन रांग साइड से नदी की ओर जा रहा था। इसी दौरान शहर की तरफ से आ रही बाइक उसकी चपेट में आ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बहरामपुर निवासी 22 वर्षीय अमित निषाद और राजघाट थाना क्षेत्र के अमरूद मंडी निवासी 17 वर्षीय राज निषाद पुत्र राजधारी निषाद के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
शव रखकर किया प्रदर्शन, हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसे से नाराज लोगों ने दोनों शवों को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते ट्रांसपोर्टनगर से लेकर राजघाट पुल तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
आक्रोशित भीड़ ने पीएसी वाहन में तोड़फोड़ की भी कोशिश की। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए।
जाम में फंसी पुलिस, पैदल पहुंचना पड़ा मौके पर
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस और अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए। हालांकि जाम इतना लंबा था कि पुलिस की गाड़ियां भी उसमें फंस गईं। कई पुलिसकर्मियों को वाहन छोड़कर पैदल घटनास्थल तक पहुंचना पड़ा।
बाद में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।
आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन
प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई तथा आवश्यक सहायता का आश्वासन दिया। काफी देर तक चली वार्ता के बाद लोग शांत हुए और जाम समाप्त किया गया।
इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा यातायात बहाल कराया।
परिवारों में पसरा मातम
हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में भी घटना को लेकर गहरा दुख और आक्रोश देखने को मिला।
जांच के आदेश
एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



