
अब असुरन, शाहपुर और पिपराइच में होगा बैनामा, बन रही फोरलेन सड़क
गोरखपुर में असुरन से पिपराइच तक बन रही फोरलेन सड़क के लिए अगले सप्ताह से असुरन, शाहपुर और पिपराइच में जमीन का बैनामा होगा। राजस्व विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। 942 करोड़ की लागत से बनने वाली यह सड़क 10 अगस्त 2026 तक पूरी होनी है।
असुरन से पिपराइच तक बन रही फोरलेन सड़क के लिए अगले सप्ताह से असुरन, शाहपुर और पिपराइच क्षेत्र में जमीन, दुकान व मकान का बैनामा होगा। इसके लिए राजस्व विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। 19 किलोमीटर 485 मीटर लंबी और चार लेन चौड़ी सड़क के निर्माण पर 942 करोड़ 44 लाख रुपये खर्च हो रहे हैं। कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड तीन को 10 अगस्त 2026 तक निर्माण पूरा कर लेना है।
असुरन से पिपराइच तक सड़क का निर्माण 11 फरवरी 2025 को शुरू हुआ है। फोरलेन की जद में कई मकान, दुकान व जमीन आ रही हैं। इसे देखते हुए राजस्व विभाग लगातार बैनामा कराने में जुटा है। पिपराइच संवाद सूत्र के अनुसार जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है। बैनामा के बाद लोग खुद ही फोरलेन की जद में आ रहे अपने मकान व दुकान तोड़ रहे हैं।
असुरन में नगर निगम की दुकानें भी आ रही जद में
असुरन पर नगर निगम की दुकानें भी अतिक्रमण की जद में आ रही हैं। इसके अलावा कई मकान और जमीन फोरलेन की जद में आ रही है। लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं के साथ राजस्व विभाग के अधिकारियों ने पहले ही इसके लिए चिह्नांकन कर दिया है।

