
गीडा दिवस समारोह में यूपी के खास उत्पादों को मिलेगा एकीकृत मंच
गोरखपुर में गीडा स्थापना दिवस पर यूपी स्टेट ट्रेड शो का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका उद्घाटन करेंगे। इस ट्रेड शो में प्रदेश के विभिन्न जिलों के ओडीओपी और निर्यात होने वाले खास उत्पादों को एक मंच मिलेगा।
गोरखपुर। गीडा स्थापना दिवस समारोह इस बार प्रदेश के उद्योग और पारंपरिक उत्पादों को नया आयाम देने जा रहा है। 29 नवंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं और निवेश से जुड़ी सौगात देंगे। इसी के साथ तीन दिवसीय यूपी स्टेट ट्रेड शो का भव्य आगाज होगा, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री स्वयं करेंगे।
ट्रेड शो में प्रदेश के विभिन्न जिलों के ओडीओपी और विशेष उत्पादों को एकीकृत मंच मिलेगा। गीडा में निर्मित उत्पादों के साथ ही कानपुर के टेक्सटाइल एवं लेदर गुड्स, लखनऊ की चिकनकारी, वाराणसी का सिल्क, गाजीपुर के हैंडीक्राफ्ट, बाराबंकी के मेंथाल उत्पाद सहित कई जिलों की विशिष्ट पहचान वाले सामान प्रदर्शनी और बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।
गोरखपुर की ओडीओपी सूची में शामिल टेराकोटा उत्पाद विशेष आकर्षण का केंद्र बनेंगे। इस बार एक खास पहल के रूप में गोरखपुर की महिला उद्यमी प्रियंका सिंह भी केले के रेशे से बने ‘बनाना फाइबर गुड्स’ प्रदर्शित करेंगी, जो नवाचार और पारंपरिक कौशल का अनूठा संयोजन पेश करेंगे।
इस ट्रेड शो में प्रदेश के विभिन्न जिलों के ओडीओपी और खास उत्पादों को एकीकृत मंच मिलेगा। ट्रेड शो का एक हिस्सा योगी सरकार की योजनाओं और प्रदेश में हुए विकास से जुड़ी प्रदर्शनी पर केंद्रित होगा। गीडा स्थापना दिवस समारोह में लगने वाले इस ट्रेड शो में गीडा में बने उत्पाद तो प्रदर्शनी और बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे ही, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर, गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली, बाराबंकी सहित कई जिलों के विशेष उत्पाद भी जलवा बिखरेंगे।

