आज भारत आ रहे रूसी राष्ट्रपति पुतिन, परमाणु ऊर्जा सहयोग पर होगा बड़ा करार

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत की दो दिवसीय यात्रा पर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी मुलाकात में द्विपक्षीय और बहुपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होगी। शिखर सम्मेलन में व्यापार, सैन्य हार्डवेयर की आपूर्ति और ऊर्जा सुरक्षा जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया जा सकता है।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन बृहस्पतिवार यानी आज भारत के दो दिवसीय दौरे पर शाम 6 बजे के करीब दिल्ली पहुंचेंगे। इस दौरान शुक्रवार को राष्ट्रपति पुतिन व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की शिखर वार्ता होगी। पुतिन के दौरे से ठीक पहले रूस की कैबिनेट ने भारत के साथ नागरिक परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए अहम समझौते (एमओयू) को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके सम्मान में एक प्राइवेट डिनर की मेबानी करेंगे। पुतिन की इस यात्रा का व्यापक मकसद भारत-रूस सामरिक और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करना है।
पुतिन के दौरे के दूसरे दिन यानी कि शुक्रवार को होने वाली शिखर वार्ता में रक्षा सहयोग को बढ़ाने, द्विपक्षीय व्यापार को बाहरी दबावों से सुरक्षित रखने और छोटे मॉड्यूलर रिएक्टर में संभावित सहयोग पर विशेष ध्यान दिए जाने की संभावना है। इस वार्ता पर पश्चिमी देशों की पैनी निगाह रहेगी।
सुरक्षा से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, पुतिन और उनके डेलिगेशन के लिए दिल्ली के तीन होटल पहले से ही सुरक्षा कवच में लिए जा चुके हैं। सूत्रों से पता चला कि ये तीन होटलों में ताज होटल, आईटीसी मौर्या शेरेटन और होटल ओबेरॉय के नाम हैं। पुतिन किस होटल में ठहरेंगे यह सुरक्षा कारणों से पूरी तरह सीक्रेट रखा गया है। ऐन मौके पर उनकी ‘फेडरल प्रोटेक्टिव सर्विस’ तय करेगी। वैसे तीनों होटलों में पुतिन की सिक्योरिटी, मेडिकल स्टाफ और अन्य आ चुके हैं। जिसकी वजह से तीनों होटल को सुरक्षा कवच में रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button