273 करोड़ से ज्यादा रुपये में बिका दुर्लभ अंडा

आमतौर पर एक अंडा 6 से 10 रुपये का मिलता है, लेकिन बीती 2 दिसंबर को एक अंडा करोड़ों रुपये में बिका है।
दरअसल, रूस के शाही परिवार का हीरा जड़ित क्रिस्टल फैबरगे अंडा लंदन की एक नीलामी में रिकॉर्ड 2.29 करोड़ पाउंड यानी करीब 273 करोड़ से ज्यादा रुपये में बिका।
यह एक दुर्लभ अंडा है, जिसे जौहरी की सबसे खूबसूरत कृतियों में से एक माना जाता है। इस दुर्लभ अंडे की नीलामी लंदन स्थित क्रिस्टीज नीलामीघर द्वारा की गई है। हालांकि, अभी खरीदार का नाम सामने नहीं आया है।
4,500 हीरों से सजे इस अंडे को रूस के अंतिम शासक सम्राट जार निकोलस द्वितीय ने साल 1913 में अपनी मां मारिया फियोदोरोव्ना को उपहार के रूप में बनवाया था।
8.2 सेमी (3.2 इंच) ऊंचा यह अंडा कार्ल फैबर्जे द्वारा बनाया गया था।
इस अंडे का डिजाइन सेंट पीटर्सबर्ग की आभूषण कंपनी की केवल दो महिला कारीगरों में से एक अल्मा थेरेसिया पिहल द्वारा तैयार किया गया था।
इस अंडे को कीमती क्रिस्टल और गुलाब के आकार के हीरों के साथ-साथ प्लैटिनम से सजाया गया था, वहीं अंडा खोलने पर इसके अंदर सफेद क्वार्ट्ज फूलों की एक छोटी टोकरी दिखाई देती है।
बता दें कि इससे पहले यही अंडा साल 2007 में 8.9 मिलियन पाउंड (106 करोड़ से ज्यादा रुपये) में बिका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button