
छात्र नेता उस्मान हादी की मौत के बाद सुलगा बांग्लादेश
बांग्लादेश के 2024 के छात्र आंदोलन के नेता शरीफ उस्मान हादी का सिंगापुर में निधन हो गया। ढाका में अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी थी। वह इंकलाब मंच का प्रवक्ता था, जिसने शेख हसीना को सत्ता से हटाने में भूमिका निभाई थी। मुहम्मद यूनुस ने उनकी मौत पर शोक व्यक्त किया और एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की।
बांग्लादेश के 2024 के छात्र आंदोलन के प्रमुख नेता शरीफ उस्मान हादी का गुरुवार को सिंगापुर के अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। शरीफ उस्मान हादी की मौत उनकी सिर में गोली लगने के कुछ दिन बाद हुई है। हादी की मौत के बाद एक बार फिर बांग्लादेश में हिंसा की आग भड़क गई है और कई शहरों में हालात बिगड़ गए हैं।
सिंगापुर के विदेश मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, शरीफ उस्मान हादी की हत्या के प्रयास में लगी चोटों के कारण मृत्यु हो गई। फिलहाल सिंगापुर से हादी के पार्थिव शरीर को ढाका वापस लाने की प्रक्रिया चल रही है।
हादी की मौत के बाद बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए लोगों से शांत रहने की और कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की।

