बीएमसी चुनाव कांग्रेस अकेले लड़ेगी, टूट गया ‘महाविकास अघाड़ी’

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के लिए जनवरी 2026 में चुनाव कराया जाना है। उससे पहले कांग्रेस ने अकेले लड़ने का निर्णय लिया है। कांग्रेस ने BMC का चुनाव शिवसेना (उद्धव गुट) से अलग होकर लड़ने का ऐलान किया है।

अगले महीने बृहन्‍मुंबई महानगरपालिका (BMC) का चुनाव होना है। तकरीबन 3 साल की देरी से BMC का चुनाव होने जा रहा है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका यानी बीएमसी के चुनाव में कांग्रेस ने महाविकास अघाड़ी से अलग होकर चुनाव लड़ने का एलान किया है। महाराष्ट्र में कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्नितला ने कहा, “कांग्रेस पार्टी अकेले चुनाव लड़ रही है। हमें पूरा भरोसा है कि बीएमसी चुनाव में कांग्रेस पार्टी का प्रदर्शन बेहतर रहेगा।”
उन्होंने कहा, “यह निकाय चुनाव है। कभी-कभार हमारे लोग गठबंधन के साथ लड़ना चाहते हैं, कुछ जगहों पर नहीं चाहते हैं। यह लोकल लीडरशिप पर है कि वह क्या करना चाहते हैं।”
कांग्रेस नेता ने कहा, “हमने इसका फ़ैसला लोकल लीडिरशिप पर छोड़ दिया है। अगर उनको गठबंधन की ज़रूरत है तो वे करेंगे, नहीं तो हम अकेले लड़ेंगे।”
कांग्रेस नेता चेन्निथला ने यह भी बताया कि उन्होंने प्रकाश आंबेडकर से फोन पर बात की है और गठबंधन को लेकर चर्चा के लिए कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को उनसे मुलाकात करेगा। उन्होंने कहा कि समान सोच वाली पार्टियों के साथ गठबंधन पर बातचीत जारी है।
महाराष्ट्र में कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी- शरद पवार) और शिवसेना (उद्धव गुट) के बीच राज्य स्तर पर ‘महाविकास अघाड़ी’ के नाम से गठबंधन है। नेशनल लेवल पर ये पार्टियां इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button