
सलमान खान की फ़िल्म ‘बैटल ऑफ़ गलवान’ से चीन को नाराज़गी
पांच साल पहले गलवान में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई घातक झड़प आज भी एक ऐसा संवेदनशील मुद्दा है जो समय-समय पर चुभता रहता है। जैसे कि अब, जब इस पर एक फिल्म बनी है। चीन ने इसे "तथ्यों का गलत चित्रण" बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है। भारत ने जवाब में इसे "कलात्मक स्वतंत्रता" बताया है।
अभिनेता सलमान ख़ान की नई फ़िल्म ‘बैटल ऑफ़ गलवान’ की चीन के सरकारी मीडिया ने निंदा की है।चीन के सरकारी दैनिक अख़बार ग्लोबल टाइम्स ने एक लेख प्रकाशित किया है जिसमें इस फ़िल्म पर ‘तथ्यों को तोड़-मरोड़कर’ पेश करने का आरोप लगाया गया है। अखबार ने फिल्म को “ओवर-द-टॉप ड्रामा” करार दिया और कहा कि यह राष्ट्रवादी भावनाओं को भड़काने का प्रयास है। भारतीय सरकार सूत्रों ने इसका जवाब देते हुए कहा कि भारत में फिल्ममेकर्स को कलात्मक स्वतंत्रता है और सिनेमा अभिव्यक्ति का माध्यम है।
17 अप्रैल 2026 को रिलीज़ होने जा रही ‘बैटल ऑफ़ गलवान’ फ़िल्म को साल 2020 में लद्दाख़ की गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई झड़प पर केंद्रित बताया जा रहा है।
फिल्म का टीजर सलमान के 60वें जन्मदिन पर 27 दिसंबर को रिलीज हुआ था, जिसमें वे भारतीय सेना के अधिकारी के रूप में दिखे। फिल्म अप्रैल 2026 में रिलीज होगी। निर्देशक अपूर्व लाखिया हैं और चित्रांगदा सिंह लीड एक्ट्रेस हैं।

