
होली तक GDA के घर-प्लाट होंगे सस्ते, LIG-EWS को मिलेगी बड़ी राहत
गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) की आदर्श कास्टिंग गाइडलाइंस-2025 जल्द लागू होगी। इससे प्राधिकरण के प्लाट और फ्लैट सस्ते हो जाएंगे, खासकर EWS और LIG वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी। अलोकप्रिय संपत्तियों की कीमतों में 20-25% की कमी होगी।
गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) शासन की ओर से जारी आदर्श कास्टिंग गाइडलाइंस-2025 को इस माह के आखिरी तक मंजूरी मिल जाने की उम्मीद है। इसे लेकर प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दरों का निर्धारण आखिरी चरण में है।
नई गाइडलाइंस लागू होते ही प्राधिकरण की नई आवासीय योजनाओं में बनने वाले प्लाट और फ्लैट पहले की तुलना में काफी सस्ते हो जाएंगे। इसके साथ ही वर्षों से न बिक पा रही अलोकप्रिय संपत्तियों की बिक्री का रास्ता भी खुल जाएगा। इन संपत्तियों की दरों में 20 से 25 प्रतिशत तक कमी की जाएगी और नए सिरे से इनका विज्ञापन निकालकर प्राधिकरण इन्हें आवंटित करेगा।
जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्धन के अनुसार, इस महीने के अंत तक प्राधिकरण बोर्ड की बैठक बुलाकर नई गाइडलाइंस को स्वीकृति दे दी जाएगी। पूरी तैयारी है कि मार्च के पहले सप्ताह से नई दरों के आधार पर नई योजनाओं के प्लाट, फ्लैट और अलोकप्रिय संपत्तियों की बिक्री शुरू कर दी जाए। हालांकि यह राहत केवल नई योजनाओं और अलोकप्रिय संपत्तियों तक सीमित रहेगी, पुरानी आवासीय योजनाओं की दरों में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
नई नीति के तहत चार से पांच बार विज्ञापन जारी करने के बाद भी जो संपत्तियां नहीं बिक सकी हैं, उन्हें ‘अलोकप्रिय संपत्ति’ की श्रेणी में रखा जाएगा। ऐसी संपत्तियों की कीमतों में 20 से 25 प्रतिशत तक की सीधी कटौती की जाएगी।
नई गाइडलाइंस में सबसे बड़ा बदलाव अतिरिक्त चार्ज को लेकर किया गया है। अब तक नई आवासीय योजनाओं में कंटीन्जेंसी और ओवरहेड चार्ज के नाम पर कुल 30 प्रतिशत तक अतिरिक्त राशि जोड़ दी जाती थी। नई व्यवस्था में इसे घटाकर अधिकतम 16 प्रतिशत कर दिया गया है। इससे ईडब्ल्यूएस और एलआईजी वर्ग को सबसे अधिक फायदा होगा।

