
रूस की एक यूनिवर्सिटी में चाकू से हमले में चार भारतीय छात्र घायल
रूस के उफा शहर में मेडिकल यूनिवर्सिटी में चाकू से हमला किया गया, जिसमें चार भारतीय छात्र घायल हो गए। इस बात की पुष्टि भारतीय दूतावास ने की है।
रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य के उफा शहर में एक मेडिकल यूनिवर्सिटी में चाकू से हमला होने की घटना सामने आई है। इस हमले में 4 भारतीय छात्रों समेत कई लोग घायल हो गए हैं। भारतीय दूतावास ने शनिवार (7 फरवरी 2026) की रात इस घटना की पुष्टि की है और बताया है कि सभी घायल छात्रों को इलाज मिल रहा है।
दूतावास ने बताया कि वह रूस के स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और कज़ान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी उफा रवाना हो चुके हैं, ताकि घायल छात्रों को हर संभव मदद दी जा सके।
PTI के मुताबिक शनिवार (7 फरवरी 2026) को एक 15 साल का किशोर उफा स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के परिसर में घुस गया। आरोपी सीधे छात्रावास (डॉर्मिट्री) में पहुंचा और वहां मौजूद छात्रों पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमला इतना अचानक था कि छात्र संभल भी नहीं पाए। रूस के गृह मंत्रालय के मुताबिक, आरोपी ने कई छात्रों को चाकू मारा। जब पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो उसने दो पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया। गिरफ्तारी का विरोध करते समय आरोपी खुद भी घायल हो गया। गृह मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरीना वोल्क ने बताया कि आरोपी को काबू में करने के दौरान पुलिसकर्मी घायल हुए और हमलावर ने खुद को भी नुकसान पहुंचाया।
आरोपी एक प्रतिबंधित नियो-नाजी संगठन से जुड़ा हुआ था।

