सपा प्रवक्ता मनोज यादव एससी-एसटी एक्ट में बाराबंकी से गिरफ्तार

सपा प्रवक्ता मनोज यादव को छेड़छाड़ व एससी-एसटी एक्ट के तहत बाराबंकी से गिरफ्तार किया गया है। वो दो दिन से लापता थे।

बाराबंकी के सफदरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई दो दिन पहले दर्ज मुकदमे के आधार पर की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मनोज यादव को उस समय पकड़ा गया जब वे अपने कुछ साथियों के साथ सफदरगंज क्षेत्र से गुजर रहे थे।
बाराबंकी पुलिस के अनुसार, मनोज यादव के खिलाफ 11 फरवरी 2026 को सफदरगंज थाना में मुकदमा संख्या 50/26 दर्ज किया गया था। उनके खिलाफ धमकी देने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने सहित कई आरोप लगाए गए हैं। एक महिला ने यादव पर छेड़खानी और उत्पीड़न का आरोप लगाया था और साथ ही एससी/एसटी एक्ट के तहत भी मामला दर्ज कराया गया। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए बाराबंकी पुलिस ने मनोज यादव को गिरफ्तार कर लिया।
परिवार का कहना है कि मनोज काकोरी में तिलक समारोह में शामिल हुए थे और वहां से लौटने के बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। पूरी रात संपर्क न होने पर परिवार ने लखनऊ के गोमती नगर विस्तार थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तिलक समारोह के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन खंगाली। अब पुलिस गायब होने और गिरफ्तारी के बीच की घटनाओं की कड़ियों को जोड़ रही है।
अभी तक समाजवादी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं में चर्चा का दौर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button