
भारी वाहनों के लिए गोरखपुर में कल से राजघाट पुल होगा बंद
गोरखपुर में राजघाट पुल की मरम्मत के कारण 17 मार्च से बड़े वाहनों का शहर में प्रवेश एक महीने के लिए प्रतिबंधित रहेगा। यातायात विभाग ने नौसढ़ तिराहे से भारी वाहनों के लिए डायवर्जन लागू किया है।
राजघाट पर बने पुराने पुल की मरम्मत होने के चलते 17 मार्च से बड़े वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। यातायात विभाग ने डायवर्जन लागू कर नौसढ़ तिराहे से बड़े वाहनों को डायवर्ज करने की योजना बनाई है।
मरम्मत के दौरान पुल का सिर्फ एक लेन चालू रहेगा, इसलिए पुलिस ने दो, तीन और चार पहिया वाहनों को शहर में आने की छूट दी है। यह डायवर्जन एक महीने तक के लिए लागू किया गया है।
यातायात निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि 17 मार्च की सुबह सात बजे से यह डायवर्जन लागू हो जाएगा। भारी वाहनों को अगले एक महीने या मरम्मत कार्य पूरा होने तक दिन और रात्रि के समय प्रतिबंधित किया गया है।
लखनऊ की तरफ से आने वाले बड़े वाहनों में रोडवेज बस, टूरिस्ट बस, ट्रक, टैंकर, ट्रालर समेत अन्य वाहन अगले एक महीने तक नौसढ़ से बाघागाड़ा होते हुए रामनगर करजहां जाएंगे। फिर देवरिया बाईपास मार्ग पर जंगल सिकरी, सिक्टौर होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे और अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
वाराणसी और बड़हलगंज की तरफ से आने वाले बड़े वाहनों में रोडवेज बस, टूरिस्ट बस, ट्रक, टैंकर, ट्रालर समेत अन्य वाहन बाघागाड़ा से फोरलेन पर जाएंगे। फिर रामनगर करजहां ,देवरिया बाईपास मार्ग होते हुए शहर में आकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।

