
ईरान का परमाणु हथियार बनाने का इरादा नहीं’ लेकिन वह ‘यूरेनियम का संवर्धन नहीं रोकेगा’
ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई ने अमेरिका से बातचीत को "हानिकारक" बताते हुए साफ कहा कि ईरान दबाव में झुकेगा नहीं. उन्होंने कहा कि देश को परमाणु हथियारों की जरूरत नहीं है और यूरेनियम संवर्धन पर कोई समझौता नहीं होगा.
ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामेनेई ने मंगलवार को अमेरिका के साथ किसी भी तरह की बातचीत को देश के लिए “बेकार और हानिकारक” करार दिया. उन्होंने साफ कहा कि मौजूदा हालात में अमेरिका से वार्ता ईरान के हितों के खिलाफ होगी और यह “डेड-एंड” साबित होगी. ख़ामेनेई ने कहा, “कोई भी देश धमकी मिलने के बाद बातचीत नहीं करेगा.” उन्होंने यह भी कहा कि ईरान को न्यूक्लियर की जरूरत नहीं है और ऐसा कुछ बनाने का इरादा भी नहीं रखते.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, ईरानी रेडियो और टेलीविजन पर प्रसारित भाषण में ख़ामेनेई ने तीन बातों पर जोर दिया: ईरानी राष्ट्र की एकता, यूरेनियम संवर्धन और अमेरिका के साथ उसके संबंध.
ख़ामेनेई ने अमेरिका की ओर से ईरान के परमाणु उद्योग और संवर्धन को बंद करने से जुड़े बयानों का ज़िक्र करते हुए कहा कि ईरान के लोग ऐसी बात कहने वाले किसी भी व्यक्ति को बर्दाश्त नहीं करेंगे.
गौरतलब है कि ईरान और यूरोपीय ताकतों के बीच आखिरी दौर की बातचीत जारी है ताकि संयुक्त राष्ट्र के पुराने प्रतिबंध फिर से न लगाए जाएं, लेकिन खामेनेई के इस बयान ने यह संकेत दिया है कि अमेरिका के साथ सीधी वार्ता की संभावना अब बेहद कम है.

