
अफ़ग़ानिस्तान में प्राकृतिक आपदा, भारत ने मदद भेजी
भारत ने बाढ़ और भूकंप से तबाह अफगानिस्तान के लिए राहत सामग्री भेजी है. इसमें किचन सेट, स्वच्छता किट, तिरपाल, स्लीपिंग बैग जैसी आवश्यक चीजें शामिल हैं.
भारत ने अफ़ग़ानिस्तान को मदद भेजी है. विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अफ़ग़ानिस्तान बाढ़ और भूकंप की वजह से मुश्किलों में है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पोस्ट में लिखा, “अफ़ग़ानिस्तान के लोगों को हाल ही में आई बाढ़ और भूकंप की वजह से मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.”
“इस कठिन समय में भारत ने मदद के लिए मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) सामग्री भेजी है.”
रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारत की ओर से भेजी गई मदद में किचन सेट, सफ़ाई का सामान, प्लास्टिक शीट, तिरपाल, स्लीपिंग बैग और अन्य ज़रूरी चीज़ें शामिल हैं.
उन्होंने कहा, “भारत अफ़ग़ानिस्तान के लोगों के साथ खड़ा है और इस चुनौतीपूर्ण समय में मानवीय मदद और सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है.”
अफगानिस्तान में भारी बारिश और तूफान के कारण तबाही मची है. शनिवार (4 अप्रैल) को जारी आंकड़ों के मुताबिक बाढ़, भूस्खलन और आकाशीय बिजली गिरने से बीते 10 दिनों में 77 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है और 137 लोग घायल हुए हैं. अफगानिस्तान में आने वाले दिनों में और अधिक बारिश का पूर्वानुमान है. कुदरत के कहर में कुल मिलाकर 793 घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं और 2,673 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि बाढ़ और भूस्खलन ने 337 किलोमीटर सड़कों को नष्ट कर दिया है.

