
सम्राट चौधरी होंगे बिहार के नए मुख्यमंत्री
मुंगेर के तारापुर से विधायक और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री बनने के लिए तैयार हैं। राजद से राजनीति शुरू कर दो बार उपमुख्यमंत्री रहे चौधरी को बिहार बीजेपी विधान मंडल की बैठक में सीएम पद के लिए चुना गया है।
बिहार में पहली बार भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनने जा रही है। इस मौके पर बीजेपी के प्रदेश कार्यलाय को सजाया गया है। नीतीश कुमार के इस इस्तीफे के साथ बिहार में नीतीश युग के समाप्त होने की बात कही जा रही है। पिछले साल नवंबर महीने में विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिले बहुमत के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। नीतीश कुमार का राजनीतिक सफर चार दशकों का है।
मुंगेर जिले की तारापुर विधानसभा सीट से विधायक और बीजेपी के दिग्गज नेता सम्राट चौधरी अब बिहार के नए सम्राट बनने के लिए तैयार हैं। बिहार बीजेपी विधान मंडल की बैठक में सम्राट चौधरी के नाम पर मुहर लग गई है।
नीतीश कुमार के सीएम पद से इस्तीफे के साथ ही बीजेपी नेता सम्राट चौधरी के नया सीएम बनने का रास्ता साफ हो गया। बिहार की नई सरकार गठन की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। उनके नाम का प्रस्ताव वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा ने विधायक दल की बैठक में रखा, जिसे सर्वसम्मति से मंज़ूरी दी गई। इस फैसले के साथ ही बिहार में अगली सरकार और मुख्यमंत्री को लेकर राजनीतिक तस्वीर और साफ हो गई है।
विधायक दल का नेता चुना जाने पर सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मुझ पर विश्वास जताते हुए विधानमंडल दल के नेता का दायित्व सौंपने पर हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है।

