
सीएम योगी कल आएंगे गोरखपुर, 1248 करोड़ की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात
दो दिन में 1248.31 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास, महुआपार से होगी शुरुआत
आयाम स्वरूप, गोरखपुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गोरखपुर दौरे पर आ रहे हैं। अपने दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान वह गोरक्षनगरी को कुल 1248.31 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री शनिवार को बड़हलगंज के महुआपार से कार्यक्रमों की शुरुआत करेंगे, जबकि रविवार को वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में बड़े स्तर पर विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी ने महुआपार पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
महुआपार में 300 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को शाम करीब 4 बजे बड़हलगंज ब्लॉक के महुआपार स्थित गांधी इंटर कॉलेज पहुंचेंगे। यहां वह राजकीय आईटीआई कॉलेज सहित चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र की लगभग 300 करोड़ रुपये लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
पहले यह कार्यक्रम पकड़ी गांव में प्रस्तावित था, लेकिन बारिश के कारण जलभराव होने से कार्यक्रम स्थल बदलकर महुआपार कर दिया गया।
रविवार को 948 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शुभारंभ
रविवार, 14 जून को मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में 148.87 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण और 799.44 करोड़ रुपये की 188 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
इन परियोजनाओं में कानून-व्यवस्था, खेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, जल निकासी, सड़क, पार्क और शहरी विकास से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
एनेक्सी भवन में करेंगे समीक्षा बैठक
गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एनेक्सी भवन में समीक्षा बैठक भी करेंगे। बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की जाएगी और विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की जाएगी।
लोकार्पित होने वाली प्रमुख परियोजनाएं
- स्पोर्ट्स कॉलेज में हॉकी पैवेलियन – 22.22 करोड़ रुपये
- जिला कारागार में नई बैरकों का निर्माण – 11.88 करोड़ रुपये
- स्पोर्ट्स कॉलेज में बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल – 7 करोड़ रुपये
- पीएसी परिसर में आवास निर्माण – 8.60 करोड़ रुपये
- रामगढ़ताल थाना भवन – 7.66 करोड़ रुपये
- बाढ़ शरणालय निर्माण – 5.82 करोड़ रुपये
- साइबर थाना भवन – 4.88 करोड़ रुपये
- बीआरडी मेडिकल कॉलेज में ऑडिटोरियम का नवीनीकरण – 7.35 करोड़ रुपये
- एमएमएमयूटी से सिंघरिया तक नाला निर्माण – 5.73 करोड़ रुपये
- विभिन्न पोखरों और पार्कों का विकास – 18 करोड़ रुपये से अधिक
शिलान्यास होने वाली प्रमुख परियोजनाएं
- बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों के लिए 40 आवास – 49.43 करोड़ रुपये
- मेडिकल कॉलेज कर्मचारियों के लिए 100 आवास – 49.23 करोड़ रुपये
- गुलहरिया में कॉम्प्लेक्स एवं एंटरटेनमेंट जोन – 47.90 करोड़ रुपये
- नगर निगम परिसर में मल्टीपर्पज हॉल – 34.77 करोड़ रुपये
- साहित्य पार्क निर्माण – 34.77 करोड़ रुपये
- सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालय, चरगांवा – 24.63 करोड़ रुपये
- सैनिक स्कूल में फुटबॉल एवं एथलेटिक्स मैदान – 22.71 करोड़ रुपये
- रुस्तमपुर-मलौली बांध सड़क चौड़ीकरण – 20.34 करोड़ रुपये
- बीआरडी मेडिकल कॉलेज में फायर फाइटिंग सिस्टम – 19.58 करोड़ रुपये
- गौरव संग्रहालय (फेज-2) – 18.43 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री के इस दौरे को गोरखपुर के विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर की आधारभूत सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और पर्यटन ढांचे को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।


