
दिवाली से पहले हर जिले में लगाएं स्वदेशी मेला : सीएम योगी
योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि स्वदेशी अपनाने से ही आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना साकार होगी। सीएम ने इसका फायदा बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय उद्यमियों व व्यापारियों को लाभ होता है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वदेशी अपनाने से ही आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना साकार होगी। उन्होंने स्वदेशी को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि दिवाली से पहले सभी जिलों में 10 से 18 अक्तूबर के बीच एमएसएमई विभाग की मदद से एक सप्ताह तक स्वदेशी मेले लगाए जाएं और मेले में ओडीओपी व स्थानीय उत्पादों के स्टाल लगाए जाएं। इससे स्थानीय उद्यमियों व व्यापारियों को लाभ होगा और लोग विदेशी उत्पाद खरीदने से बचेंगे। सीएम ने कहा कि 2017 से पहले चीन का झालर बाजार में छा जाता था, लेकिन अब लोग मिट्टी के दीप जला रहे हैं।
सीएम ने बताया वर्ष 2017 में दीपोत्सव के आयोजन में 51 हजार दीप अयोध्या मंडल में नहीं मिल पाए थे। इसे पूरे प्रदेश से जुटाना पड़ा था परंतु गत वर्ष जितने दीप प्रज्ज्वलित कराए गए थे, यह सभी अयोध्या में बने थे। इस बार भी दीपोत्सव में रिकॉर्ड तोड़ दीप प्रज्ज्वलित होंगे और यह मिट्टी व गाय के गोबर से बनेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में यूपीआईटीएस का आयोजन होगा। स्वदेशी और आत्मनिर्भर का सबसे अच्छा मॉडल है।
मुख्यमंत्री राजधानी लखनऊ के विश्वेसरैया सभागार में आत्मनिर्भर भारत स्वदेशी संकल्प विषयक प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। भारत में 300 वर्ष पहले आधी आबादी खेती और आधी से अधिक आबादी कारखाने, लघु व कुटीर उद्योगों पर निर्भर थी। यह भारत का उत्पादन दुनिया के बाजार में छा जाता था।

