गोरखपुर में अगले 5 दिनों तक रहेगा हीटवेव का कहर

गोरखपुर सहित पूर्वांचल के 32 जिलों में अगले 5 दिनों (26 अप्रैल तक) के लिए हीटवेव की चेतावनी है।

गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, और मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया है। दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस 44डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिससे दोपहर में बाहर निकलना असुरक्षित हो सकता है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ कैलाश पाण्डेय ने बताया कि इस समय चल रही तेज गर्म हवाओं के कारण लोगों को ज्यादा परेशानी हो रही है।
दोपहर के समय लू चलने से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है और शरीर झुलसने जैसा महसूस हो रहा है। इन हवाओं की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही है।
सुबह से ही तेज धूप निकल आई थी, जिसके कारण दोपहर तक गर्मी और भी ज्यादा बढ़ गई। लू के चलते सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी कम देखने को मिली।
मौसम विभाग के अनुसार, यह स्थिति राजस्थान की ओर से आ रही पश्चिमी गर्म हवाओं के कारण बनी हुई है। जिससे गर्मी और अधिक महसूस हो रही है। आने वाले चार से पांच दिनों तक इसी तरह की गर्मी और लू जारी रहने की संभावना है।
अगर अप्रैल महीने के सामान्य तापमान की बात करें तो इस समय जो तापमान दर्ज हो रहा है, वह औसत से काफी ज्यादा है। आमतौर पर अप्रैल में अधिकतम तापमान करीब 37.4 डिग्री और न्यूनतम 21.3 डिग्री सेल्सियस रहता है।
लेकिन इस बार तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री ज्यादा चल रहा है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button